गोंडा में बोलेरो कार सरयू नहर में गिरी, 11 की मौत, सीएम योगी ने दी आर्थिक सहायता

सभी लोग मोतीगंज थाना क्षेत्र के सीहागांव गांव से खरगूपुर स्थित प्रसिद्ध पृथ्वीनाथ मंदिर में जल चढ़ाने जा रहे थे। रास्ते में बेलवा बहुता के पास बोलेरो कार अनियंत्रित होकर सरयू नहर में जा गिरी।
गोंडा में बोलेरो कार सरयू नहर में गिरी, 11 की मौत, सीएम योगी ने दी आर्थिक सहायता

उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में रविवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। जिले के इटियाथोक थाना क्षेत्र में एक बोलेरो कार अनियंत्रित होकर सरयू नहर में गिर गई। कार में 16 लोग सवार थे। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया। इस दौरान 11 लोगों के शव बरामद किए गए जबकि 4 घायल हुए। एक बच्ची सुरक्षित बच निकली, जिसने हादसे की पूरी कहानी पुलिस को बताई।

जल चढ़ाने जा रहे थे श्रद्धालु

हादसे का शिकार हुए सभी लोग मोतीगंज थाना क्षेत्र के सीहागांव गांव से खरगूपुर स्थित प्रसिद्ध पृथ्वीनाथ मंदिर में जल चढ़ाने जा रहे थे। रास्ते में बेलवा बहुता के पास बोलेरो कार अनियंत्रित होकर सरयू नहर में जा गिरी। हादसे के समय कार में 16 लोग सवार थे।

हादसे में जिंदा बची बच्ची पिंकी ने बताया कि ड्राइवर कार से पहले ही कूद गया था। वह बीच की सीट पर बैठी थी और किसी तरह ड्राइवर की साइड वाले दरवाजे से निकलकर बाहर आ गई। हादसे के वक्त कार का सेंट्रल लॉक लग गया था और नहर में गिरते ही पानी भरने लगा, जिससे कार में फंसे लोग बाहर नहीं निकल सके।

मृतकों में तीन बच्चे भी शामिल

गोंडा के एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि हादसे में 11 लोगों की मौत हुई है, जिनमें छह महिलाएं, दो पुरुष और तीन बच्चे शामिल हैं। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जांच की जा रही है और बोलेरो कार को क्रेन से बाहर निकाल लिया गया है।

सीएम ने जताया शोक

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। सीएम योगी ने एक्स पर लिखा,

“जनपद गोंडा में दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। जिला प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित करें। प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति और परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।”

Image

पुलिस ने दर्ज किया केस

इटियाथोक थाना पुलिस ने हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू शुरू किया। प्रभारी निरीक्षक कृष्ण गोपाल राय ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। बोलेरो में क्षमता से अधिक लोग सवार थे, जो हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews