कांवड़ियों को बदनाम कर रही समाजवादी पार्टी, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक का आरोप

ब्रजेश पाठक ने दो टूक कहा कि योगी सरकार "जीरो टॉलरेंस" की नीति पर काम करती है। इस तरह की हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।
कांवड़ियों को बदनाम कर रही समाजवादी पार्टी, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक का आरोप

कांवड़ यात्रा को लेकर सियासत एक बार फिर गरमा गई है। समाजवादी पार्टी के नेता स्वामी प्रसाद मौर्य के हालिया बयान पर अब उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोमवार को आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के कुछ अराजकतत्व कांवड़ियों के वेश में यात्रा में घुसपैठ कर रहे हैं। जानबूझकर उनकी छवि खराब कर रहे हैं।

कानून व्यवस्था सख्त है

डिप्टी सीएम ने कहा,

“कुछ लोग कांवड़ यात्रा को बदनाम करने की साजिश कर रहे हैं। समाजवादी पार्टी के अराजकतत्व भोले भेष में कांवड़ यात्रा में शामिल हो रहे हैं ताकि माहौल बिगाड़ा जा सके। हमारी सरकार कानून व्यवस्था को लेकर बेहद सख्त है। जो भी कानून तोड़ेगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।”

ब्रजेश पाठक ने दो टूक कहा कि योगी सरकार “जीरो टॉलरेंस” की नीति पर काम करती है और इस तरह की हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।

क्या बोले स्वामी प्रसाद मौर्य?

इससे पहले रविवार को सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य ने लखनऊ में विवादित बयान दिया था। उन्होंने कहा था,

“ये कांवड़िए नहीं हैं, क्योंकि जिनका आराध्य भोले बाबा है, वो भक्त इतना हिंसक, अपराधी और अराजकतत्व कैसे हो सकता है? ये लोग सत्ता संरक्षण में पलने वाले गुंडे और माफिया हैं, जो पूरे प्रदेश में अराजकता फैला रहे हैं।”

मौर्य के इस बयान पर बीजेपी हमलावर हो गई है और पार्टी इसे हिंदू आस्था पर सीधा हमला बता रही है।

सीएम योगी कर चुके हैं सख्त टिप्पणी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी पहले कांवड़ियों को बदनाम करने की कोशिशों पर प्रतिक्रिया दे चुके हैं। उन्होंने वाराणसी में कहा था कि

“कुछ लोग सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी बनाकर कांवड़ियों के खिलाफ दुष्प्रचार कर रहे हैं। उन्हें उपद्रवी और आतंकवादी तक कहा जा रहा है, जो भारत की विरासत का अपमान है।”

सीएम योगी का इशारा उन सोशल मीडिया वीडियोज की ओर था जिनमें कुछ कांवड़ियों को ढाबों और गाड़ियों में तोड़फोड़ करते हुए दिखाया गया है। इन वीडियो को लेकर विपक्ष सवाल उठा रहा है जबकि बीजेपी इसे “सोची-समझी साजिश” बता रही है।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews