सिंगापुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सिंगापुर दौरे के दौरान भारतीय प्रवासी समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘नया भारत’ दुनिया को अपनी ताकत दिखा रहा है और जल्द ही यह विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में अपनी पहचान स्थापित करेगा। उन्होंने प्रवासियों से संवाद में कहा कि मातृभूमि से दूर रहने के बावजूद उनका स्नेह भारत के विकास के लिए एक नया उत्साह पैदा करता है।
सीएम योगी ने कहा, “प्रत्येक भारतीय को नए भारत पर गर्व होना चाहिए। यह भारत हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है।” उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भारत ने पिछले कुछ वर्षों में अभूतपूर्व प्रगति की है, जिसका लोहा आज पूरी दुनिया मान रही है।
यूपी में अब दंगा नहीं, सब चंगा है
मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था की स्थिति पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने राज्य के अतीत को याद करते हुए कहा कि नौ साल पहले यूपी अराजकता, दंगे, असुरक्षा और अव्यवस्था का पर्याय बन गया था। उन्होंने कहा, “लेकिन पिछले नौ वर्षों में, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने एक नया सपना साकार किया है। आप वहां विरासत और विकास का एक शानदार संगम देख सकते हैं।”
“यूपी में ना कर्फ्यू और ना दंगा है, अब सब चंगा है।”- योगी आदित्यनाथ, मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश
उन्होंने स्पष्ट किया कि अब प्रदेश में अराजकता के लिए कोई जगह नहीं है और विकास ही सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
ब्रह्मोस की ताकत और डिजिटल इंडिया का विजन
अपने संबोधन में सीएम योगी ने भारत की रक्षा और तकनीकी शक्ति का भी उल्लेख किया। उन्होंने ब्रह्मोस मिसाइल की तारीफ करते हुए कहा, “ब्रह्मोस मिसाइल ने अच्छे-अच्छों को कंपा दिया था। ऑपरेशन सिंदूर में लखनऊ की ब्रह्मोस मिसाइल दागी गई थी।”
इसके साथ ही उन्होंने डिजिटल इंडिया की सफलता पर भी प्रकाश डाला। सीएम योगी ने कहा, “आज से 11 साल पहले किसी ने नहीं सोचा था कि भारत डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इकोसिस्टम या स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा देने की बात करेगा। लेकिन आज भारत ने यह संभव कर दिखाया है।” उन्होंने दिल्ली में आयोजित ग्लोबल एआई इम्पैक्ट समिट का उदाहरण देते हुए बताया कि कैसे दुनिया के विकसित देशों ने भी प्रधानमंत्री मोदी के डिजिटल इंडिया विजन की शक्ति को महसूस किया और इसकी सराहना की।
The warmth and affection of the Indian diaspora in Singapore is extraordinary… https://t.co/0AtCZIENeL
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) February 23, 2026






