‘ना कर्फ्यू है ना दंगा है सब चंगा है..’ विधानसभा में बोले सीएम योगी, सपा पर निशाना साधते हुए कहा- आपके कारण प्रदेश की छवि हुई खराब

उत्तर प्रदेश विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सपा के शासनकाल में प्रदेश की छवि खराब हुई थी, लेकिन अब यूपी बीमारू नहीं बल्कि उत्सव का प्रदेश बन चुका है, जहां बिना भेदभाव के योजनाओं का लाभ हर वर्ग को मिल रहा है।
UP CM Yogi

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के दौरान राज्यपाल के अभिभाषण पर बोलते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकार पर प्रदेश की छवि खराब करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी सरकार ने यूपी को ‘बीमारू’ राज्य की श्रेणी से निकालकर विकास के पथ पर अग्रसर किया है।

सीएम योगी ने कहा कि एक समय था जब उत्तर प्रदेश का नाम सुनकर लोग शक की निगाह से देखते थे। उन्होंने सपा पर तंज कसते हुए कहा, “चेहरे पर धूल थी और ये आईना साफ करते रहे।” मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि उनकी सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के कारण आज प्रदेश की कानून-व्यवस्था एक मिसाल बनी है।

‘अब उपद्रव नहीं, उत्सव का प्रदेश है यूपी’

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि पहले प्रदेश में अपराधी समानांतर सरकार चलाते थे और माफिया खुलेआम घूमते थे, जिससे बेटियां और व्यापारी असुरक्षित महसूस करते थे। उन्होंने कहा कि आज स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है।

“अब यूपी उपद्रव का नहीं उत्सव का प्रदेश है। अब यूपी में ना कर्फ्यू है ना दंगा है, सब चंगा है। प्रदेश अब गुंडा टैक्स और वसूली से मुक्त है।”- योगी आदित्यनाथ, मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश

उन्होंने अयोध्या और प्रयागराज का उदाहरण देते हुए कहा कि आज इन धार्मिक स्थलों पर करोड़ों श्रद्धालु आ रहे हैं, जो बेहतर कानून-व्यवस्था और लोगों के भरोसे को दिखाता है। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले के कुंभ में जहां 12 करोड़ लोग आए थे, वहीं इस बार माघ मेले में ही 21 करोड़ लोगों ने स्नान किया। सीएम ने इसे ‘टेंपल इकानॉमी’ की तरक्की बताया।

बीमारू राज्य से ‘ट्रिपल टी’ का प्रतीक बना प्रदेश

सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब बीमारू प्रदेश की पहचान से बाहर निकल चुका है। उन्होंने कहा, “उत्तर प्रदेश अब बीमारू प्रदेश नहीं बल्कि ट्रिपल टी (टेक्नोलॉजी, ट्रस्ट और ट्रांसफॉर्मेशन) का प्रतीक है।” उन्होंने इसका श्रेय अपनी सरकार की साफ नीयत, दृढ़ इच्छाशक्ति और सामूहिक प्रयासों को दिया, जिससे सुशासन के लक्ष्य को हासिल किया जा सका।

मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर मातृशक्ति का अपमान करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अभिभाषण के दौरान विपक्ष का आचरण मातृशक्ति के खिलाफ था और उनके इसी आचरण के कारण पहले प्रदेश में बेटियां घबराती थीं और व्यापारी अपना कारोबार समेट लेते थे। उन्होंने दावा किया कि अब सरकार की योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के हर वर्ग तक पहुंच रहा है, जिससे प्रदेश तेजी से विकास कर रहा है।

Ankita Chourdia
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews