सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को सिद्धपीठ मां शाकंभरी देवी दरबार पहुंचकर दर्शन किए और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य शाकंभरी पर्यटन क्षेत्र में चल रहे लगभग 100 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लेना और आगामी चैत्र नवरात्र मेले की तैयारियों की समीक्षा करना था।

मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर दोपहर करीब 3:40 बजे नागलमाफी गांव स्थित हेलीपैड पर उतरा, जिसके बाद वे सीधे सिद्धपीठ क्षेत्र पहुंचे। यहां उन्होंने निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य तय समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरे होने चाहिए।

विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट

निरीक्षण के बाद सीएम योगी ने जिला पंचायत गेट के पास बने भवन में अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ एक समीक्षा बैठक की। बैठक में अधिकारियों ने उन्हें परियोजनाओं की मौजूदा स्थिति से अवगत कराया।

रिपोर्ट के अनुसार, पर्यटन सुविधा केंद्र का 65%, ओपन एयर थिएटर का 70%, और शाकंभरी द्वार कॉम्प्लेक्स का 70% काम पूरा हो चुका है। वहीं, मल्टी लेवल कार पार्किंग का 30% और साइनेज स्थापना का 25% कार्य हुआ है। अधिकारियों ने बताया कि टॉयलेट ब्लॉक और पब्लिक सोवेनियर शॉप का निर्माण लगभग पूरा हो गया है, जबकि शाकंभरी देवी पदयात्रा मार्ग के सुदृढ़ीकरण का 85% काम भी संपन्न हो चुका है।

महिला सुरक्षा और नवरात्र मेले पर विशेष जोर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाहर से आने वाली महिलाओं की सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए जाएं। सीएम ने कहा, “महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा से किसी भी सूरत में समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।” इसके लिए उन्होंने मेला क्षेत्र में एंटी रोमियो स्क्वॉड की तैनाती और पर्याप्त संख्या में महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाने का आदेश दिया।

इसके साथ ही, 19 मार्च से शुरू होने वाले चैत्र नवरात्र मेले की तैयारियों का जायजा लेते हुए उन्होंने कहा कि मेला क्षेत्र में सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने भी क्षेत्र में साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए सुझाव दिए।

समीक्षा बैठक और निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने सिद्धपीठ मंदिर में मां शाकंभरी देवी के दर्शन-पूजन किए और शाम करीब पांच बजे लखनऊ के लिए रवाना हो गए।