
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा विभिन्न व्यवसायों के लिए नवचयनित 1510 अनुदेशकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में मुख्यमंत्री ने चयनित उम्मीदवारों और उनके अभिभावकों को बधाई दी और बताया कि पूरी भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से पूरी की गई है।
विकसित भारत के संकल्प में युवाओं की भूमिका और 8.5 लाख रोजगारों का सृजन
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लिए गए विकसित भारत के संकल्प में युवाओं का योगदान बेहद महत्वपूर्ण है। इस दिशा में प्रदेश सरकार पिछले आठ वर्षों से लगातार काम कर रही है। मिशन रोजगार के तहत अब तक लगभग 8.5 लाख युवाओं को रोजगार मिला है और यह प्रक्रिया निरंतर जारी है।
पारदर्शी और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया
योगी ने कहा कि उनकी सरकार में युवाओं को पारदर्शी, बिना भेदभाव और बिना शोषण के रोजगार दिया जा रहा है। सरकार पूरी ईमानदारी और प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है और इसका परिणाम है कि आज चयनित युवा अपनी ऊर्जा और ईमानदारी से प्रदेश को निरंतर आगे बढ़ा रहे हैं।
बीमारू और असुरक्षित से अग्रणी और सुरक्षित राज्य तक का सफर
मुख्यमंत्री योगी ने याद दिलाया कि आठ वर्ष पहले उत्तर प्रदेश को बीमारू राज्य कहा जाता था। त्यौहार और पर्व असुरक्षा और डर का कारण बनते थे। लेकिन आज प्रदेश, देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। उत्तर प्रदेश अब भारत की ग्रोथ का इंजन है और हर क्षेत्र में अग्रणी राज्य बन चुका है।
डबल इंजन सरकार का असर, बिना सिफारिश मिल रहा रोजगार, हो रही बौछार
योगी ने कहा कि यह बदलाव पारदर्शी नीतियों और डबल इंजन सरकार की वजह से संभव हुआ है। अब चयनित छात्रों को कहीं से सिफारिश की ज़रूरत नहीं पड़ती। मेहनत करने वाला ही चयनित होता है। जो अभी प्रयासरत हैं उनके लिए भी भविष्य में अनेक अवसर आने वाले हैं क्योंकि प्रदेश में नौकरियों की बौछार हो रही है।
निवेश और कौशल विकास से नए अवसर, भय मुक्त प्रदेश ला रहा निवेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज गुंडा-मुक्त और भय-मुक्त उत्तर प्रदेश में चारों दिशाओं से निवेश आ रहा है। यही निवेश नए रोजगार पैदा कर रहा है। कौशल विकास और उद्यम शिक्षा से युवाओं को निरंतर नए अवसर मिल रहे हैं। यह सब आठ साल पहले अकल्पनीय था।
नई तकनीक की शिक्षा, ग्लोबल हो रहा प्रदेश का युवा
योगी ने बताया कि प्रदेश सरकार और निजी संस्थान युवाओं को AI, ड्रोन, इलेक्ट्रिशियन और प्लंबिंग जैसे आधुनिक कौशल की शिक्षा दे रहे हैं। यूपी का युवा अब ग्लोबल ट्रेंड के अनुसार तैयार हो रहा है और रोजगार पा रहा है।
पिछली सरकारों ने स्वार्थ और परिवार हित को ध्यान में रख बनाई योजनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि आठ साल पहले परंपरागत उद्योग समाप्ति की ओर बढ़ रहे थे। आज़ादी के समय जो उत्तर प्रदेश देश की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था था, 2016 तक 8 फीसदी तक सिमट गया। इसकी वजह तत्कालीन सरकारों की स्वार्थपूर्ण और वोट बैंक की राजनीति से प्रेरित नीतियां थीं। उन्होंने कहा कि उस दौर में बेटियां और व्यापारी खुद को असुरक्षित महसूस करते थे, जबकि आज हर व्यक्ति अपनी श्रद्धानुसार त्योहारों का आनंद ले रहा है।
पारदर्शी नियुक्तियों का नया दौर
योगी ने कहा कि पहले भर्ती प्रक्रियाएँ न्यायालय में अटक जाती थीं और भ्रष्टाचार हावी रहता था। लेकिन आज डबल इंजन सरकार की वजह से हर क्षेत्र में नौकरी और समृद्धि है।
उद्यमिता और आर्थिक सहयोग
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार उन युवाओं की भी मदद कर रही है जो अपना व्यवसाय शुरू करना चाहते हैं। उन्हें सब्सिडी, ब्याज-मुक्त और गारंटी-युक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। हजारों युवाओं को इस योजना से जोड़ा गया है।
वोकल फॉर लोकल और ओडीओपी से पहचान
योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “वोकल फॉर लोकल” आह्वान पर “वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट” योजना पूरे देश में पहचान बना चुकी है। हस्तशिल्प और कारीगरों को नया जीवन मिला है। इसी के चलते भारत 11वें से चौथे स्थान की अर्थव्यवस्था बना है। अब लक्ष्य है कि भारत को पहली या दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाया जाए।
विभागों को सलाह और 25 लाख नौकरियों की तैयारी
मुख्यमंत्री ने व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमिता विभाग को निर्देश दिया कि रोजगार मेलों में MSME और अन्य संस्थाओं को शामिल करें ताकि अधिक अवसर सृजित हों। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार 25 लाख युवाओं को नौकरी देने की तैयारी कर रही है, चाहे वे सरकारी हों या निजी क्षेत्र में। सरकार बिना सिफारिश और बिना भेदभाव के निष्पक्ष तरीके से रोजगार दे रही है। साथ ही चयनित उम्मीदवारों से अपेक्षा की कि वे भी ईमानदारी से ITI में आने वाले छात्रों को बेहतरीन कौशल सिखाएँगे।
