“हर बेटी सम्मान होना चाहिए..” अखिलेश यादव की बेटी पर अभद्र टिप्पणी मामले में सख्त हुए सीएम योगी, सपा प्रमुख को भी दी ये नसीहत

सपा प्रमुख अखिलेश यादव की बेटी अदिति यादव पर अभद्र टिप्पणी मामले में सीएम योगी का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि मैनें तुरंत मामले पर संज्ञान लेते हुए FIR दर्ज करने के निर्देश दिए। बेटी किसी की भी हो, सम्मान होना चाहिए।
CM Yogi Adityanath

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी प्रमुख अखिलेश यादव की बेटी अदिति यादव के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई अभद्र टिप्पणियों का मामला गहराता जा रहा है। समाजवादी पार्टी के कई नेता इस मामले पर गहरी नाराजगी व्यक्त कर रहे हैं। वहीं अब इस मामले में राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का भी बयान सामने आया है। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि राज्य में बहन बेटियों का सम्मान होना चाहिए।

सीएम योगी शनिवार को आजमगढ़ दौरे पर पहुंचे जहां उन्होंने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव की बेटी के खिलाफ कुछ लोगों ने अभद्र टिप्पणियां की हैं जैसे ही यह मामला मुझ तक पहुंचा, मैनें तुरंत संज्ञान लेते हुए FIR दर्ज करने के निर्देश दिए। बेटी बेटी होती है और बेटियों का सम्मान होना चाहिए। बेटियों के खिलाफ कोई भी अपमानजनक टिप्पणी स्वीकार्य नहीं होनी चाहिए।

सीएम योगी ने अखिलेश यादव को दी नसीहत

इस दौरान मुख्यमंत्री योगी ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव को भी नसीहत दे डाली। उन्होंने कहा कि हमारे समाज में यह मान्यता है कि गांव की बेटी पूरे गांव की बेटी होती है और गांव की बहन पूरे गांव की बहन। हमने कभी किसी के साथ भेदभाव नहीं किया। लेकिन अखिलेश जी, आप दूसरों को उपदेश देने से पहले अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं को भी मर्यादित भाषा का पाठ पढ़ाइए। उन्हें समझाइए कि बहनों-बेटियों, बुजुर्गों, दिवंगत व्यक्तियों और वरिष्ठ नेताओं के प्रति सम्मानजनक शब्दों का प्रयोग करना चाहिए।

सीएम योगी ने अपनी बात को जारी रखते हुए कहा, किसी पर टिप्पणी करने से पहले आत्ममंथन भी जरूरी है। आपके दल के कुछ लोग जिस प्रकार की भाषा का इस्तेमाल करते हैं, वह लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक संस्कारों के अनुरूप नहीं है। उन्हें भी संस्कारित करने और संयमित आचरण की सीख देने की आवश्यकता है। यदि आप उन्हें नहीं समझा पा रहे हैं, तो उन्हें हमारे हवाले कर दीजिए, हम उन्हें अच्छी तरह समझा देंगे।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews