CM योगी आज अयोध्या और बस्ती को देंगे 937 करोड़ से ज्यादा की सौगात, कई विकास परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण और शिलान्यास

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज शुक्रवार को अयोध्या और बस्ती के दौरे पर रहेंगे। वहीं इस दौरान दोनों जिलों में 937 करोड़ रुपये से ज्यादा की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
CM योगी आज अयोध्या और बस्ती को देंगे 937 करोड़ से ज्यादा की सौगात, कई विकास परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण और शिलान्यास

उत्तर प्रदेश में विकास परियोजनाओं को गति देने के क्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज शुक्रवार को अयोध्या और बस्ती जिले का दौरा करेंगे। दरअसल दोनों जिलों के लिए कई बड़ी योजनाओं की शुरुआत की जाएगी, जिनका उद्देश्य शिक्षा, सड़क, बुनियादी ढांचे और जनसुविधाओं को मजबूत करना है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री जनसभा को संबोधित करेंगे और विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से भी संवाद करेंगे।

वहीं सरकारी कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सबसे पहले अयोध्या जिले के सोहावल पहुंचेंगे। यहां कई विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करने के बाद वे बस्ती जिले के हरैया जाएंगे। दोनों जिलों में अलग-अलग विभागों की परियोजनाओं को शामिल किया गया है, जिनसे स्थानीय लोगों को लंबे समय तक फायदा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

सोहावल में 217 योजनाओं की शुरुआत

दरअसल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने दौरे की शुरुआत अयोध्या जिले के सोहावल क्षेत्र से करेंगे। यहां वह पूर्व मंत्री स्वर्गीय मुन्ना सिंह चौहान की प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे। इसके साथ ही करीब 432.70 करोड़ रुपये की लागत वाली 217 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा। इन परियोजनाओं में स्थानीय बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने, सड़क संपर्क बेहतर बनाने और क्षेत्रीय विकास को गति देने वाले कई कार्य शामिल हैं। मुख्यमंत्री की जनसभा में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है, जहां सरकार अपनी विकास योजनाओं की जानकारी भी साझा करेगी।

बस्ती में 77 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे

वहीं अयोध्या के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बस्ती जिले के हरैया पहुंचेंगे। यहां लगभग 504.34 करोड़ रुपये की लागत वाली 77 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान 27 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय के निर्माण कार्य का भूमि पूजन भी होगा। इसके अलावा विभिन्न विभागों की विकास और जनकल्याण योजनाओं की प्रदर्शनी का अवलोकन किया जाएगा।

दरअसल कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र, स्वीकृति-पत्र और सहायता सामग्री भी वितरित की जाएगी। इससे शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा और ग्रामीण विकास से जुड़े कई परिवारों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews