एक तरफ जहां श्रीराम मंदिर चंदा विवाद का मामला गरमाया हुआ है तो वहीं दूसरी ओर शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदितयनाथ अयोध्या दौरे पर पहुंचे जहां उन्होंने चढ़ावे के कथित गबन मामले में जारी विशेष जांच दल (SIT) जांच पर बयान दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अपराधी कोई भी हो बचेगा नहीं, जांच में सब साफ होगा। इसके अलावा कांग्रेस और समाजवादी पार्टी को लेकर भी हमला बोला। इस बीच, अयोध्या में सीएम योगी द्वारा दिए गए बयानों पर अब सपा प्रमुख अखिलेश यादव की प्रतिक्रिया सामने आई है।
यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सीएम योगी के अयोध्या दौरे को लेकर तंज कसा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर पोस्ट शेयर कर कहा कि आज के भाषण में बयान कम, धमकी अधिक क्यों थी? आज का कार्यक्रम अचानक बना था या जिस दिन SIT बनी थी, उस दिन? इसके अलावा सपा प्रमुख ने मुख्यमंत्री के दौरे को SIT जांच प्रभावित करने की कोशिश बताया
पूरे उत्तर प्रदेश में भाजपा का सूपड़ा साफ होना तय: अखिलेश यादव
अखिलेश यादव ने कहा कि सूत्रों के हवाले से यह सवाल उठाया जा रहा है कि क्या स्थानीय भाजपा विधायक और पदाधिकारियों के दबाव में यह कार्यक्रम अचानक तय किया गया है, ताकि भाजपा अपनी राजनीतिक जमीन बचा सके। उन्होंने दावा किया कि यदि ऐसा नहीं किया जाता, तो केवल अयोध्या मंडल ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश में भाजपा का सूपड़ा साफ होना तय है।
अखिलेश यादव ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री को अयोध्या का दौरा कर SIT की जांच को प्रभावित करने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले से ही विवादास्पद सदस्यों और कथित रूप से कलंकित छवि के कारण यह एसआईटी सवालों के घेरे में है, ऐसे में किसी भी प्रकार का राजनीतिक हस्तक्षेप जांच की निष्पक्षता पर और अधिक संदेह पैदा कर सकता है।
आज चेहरा उतरा हुआ क्यों था? अखिलेश यादव का तंज
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए पूछा कि आज चेहरा उतरा हुआ क्यों था? आवाज को ऊंचा करने की कोशिश तो पूरी थी, लेकिन आत्मविश्वास शून्य क्यों नजर आ रहा था? उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि इस बार अपने खास लोगों से मुलाकात क्यों नहीं की गई।
अखिलेश यादव ने आगे कहा कि जनता अब केवल “दूध का दूध, पानी का पानी” नहीं, बल्कि “सोने का सोना और चांदी की चांदी” करने की मांग कर रही है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए धन, अनमोल शिलाओं के साथ-साथ बहुमूल्य धातुओं और जेवरों का भी पूरा हिसाब देना पड़ेगा।
अयोध्या में क्या बोले मुख्यमंत्री योगी?
अयोध्या में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रीराम जन्मभूमि से जुड़े चंदा और दान के कथित अनियमितताओं के मामले में चल रही एसआईटी जांच को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि अपराधी चाहे कोई भी हो, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए उसके “दोहरे चरित्र” पर सवाल उठाए और कहा कि जो लोग कारसेवकों पर गोली चलाने वालों की राजनीति से जुड़े रहे, वे आज राम भक्तों के सम्मान और अपमान की बातें कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे श्रीराम जन्मभूमि मंदिर को बदनाम करने की कोशिश करने वालों के बहकावे में न आएं। मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि SIT जांच पूरी पारदर्शिता के साथ सच्चाई सामने लाएगी और यदि कोई दोषी पाया जाता है, तो वह किसी भी हालत में बच नहीं सकेगा।





