
अयोध्या: उत्तर प्रदेश की रामनगरी अयोध्या दीपोत्सव की रोशनी से जगमगा रही है। दीपावली के एक दिन पहले शनिवार शाम को अयोध्या में दीपों का महापर्व दीपोत्सव एक बार फिर भव्य और दिव्य स्वरूप में मनाया गया है। सरयू नदी के किनारे स्थित 56 घाटों को 30 लाख से अधिक मिट्टी के दीपों से रोशन हुआ। यह भव्य आयोजन अयोध्या की सांस्कृतिक पहचान और आस्था का प्रतीक बन गया है। यहां परंपरा, संस्कृति और आधुनिक विकास का अनूठा संगम देखने को मिला।
बता दें कि अयोध्या में आयोजित दीपोत्सव में इस बार भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन भी शामिल हुये। उपराष्ट्रपति, राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और सीएम योगी आदित्यनाथ ने दीपोत्सव कार्यक्रम के दौरान भगवान राम और जानकी की पूजा-अर्चना की और आरती उतारी। बता दें कि 2017 में सीएम योगी आदित्यनाथ के सत्ता में आने के बाद से अयोध्या में दीपोत्सव कार्यक्रम का लगातार आयोजन हो रहा है।
30 लाख दीयों से जगमगाए सरयू के 56 घाट
सरयू तट पर दीपोत्सव के अवसर पर भव्य महाआरती का आयोजन भी किया गया। जिसमें 2151 वेदाचार्यों ने भाग लिया। महाआरती के माध्यम से प्रभु श्रीराम के अयोध्या आगमन का उल्लास मनाया गया। वहीं, सरयू तट पर 30 लाख दीये जलाकर नया रिकॉर्ड बनाया गया। दीपोत्सव के दौरान राम की पैड़ी और सरयू घाट पर भव्य लेजर लाइट शो का आयोजन भी किया गया। दुल्हन की तरह सजी रामनगरी में देश-विदेश से पहुंचे लाखों श्रद्धालुओं ने पारंपरिक कला, जय श्रीराम के जयकारों और डिजिटल भारत की झलक के बीच इस महापर्व का आनंद लिया।
अयोध्या ने दुनिया को दी दिवाली और दीपोत्सव की परंपरा: सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि वर्ष 2017 में जब इसकी शुरुआत हुई थी, तब कई लोगों ने अयोध्या में दीपोत्सव के आयोजन पर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा कि अयोध्या ने ही दुनिया को दिवाली और दीपोत्सव की परंपरा दी है। सीएम ने कहा कि हमने 500 वर्षों के विदेशी आक्रांताओं के कालखंड में सोचा होगा कि अब यह हो नहीं सकता कि अयोध्या में रामलला फिर विराजमान हो पाएंगे। लेकिन आज अयोध्या धाम अपना गौरव प्राप्त कर चुकी है जिसके लिए कारसेवकों ने अपना बलिदान दिया था। कभी अयोध्या में राम का नाम लेने से लाठी और गोली चलती थी। आज यह अयोध्या त्रेता युग का स्मरण कराते हुए जीवंत हो उठी है।
माननीय उपराष्ट्रपति श्री सी.पी. राधाकृष्णन जी के साथ प्रभु श्री राम की प्राणप्रिय नगरी श्री अयोध्या धाम में माँ सरयू के पावन तट स्थित राम जी की पैड़ी पर आयोजित दिव्य-भव्य ‘दीपोत्सव-2026’ के अवसर पर…
@VPIndia
https://t.co/m2HbFmBFw1— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) November 7, 2026
सीएम योगी ने लोकतंत्र में वोट की ताकत का किया उल्लेख
सीएम योगी ने लोकतंत्र में वोट की ताकत का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत में बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने विकसित और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प का जिक्र किया और विपक्ष पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कुछ लोग नक्सलवाद, आतंकवाद और अराजकता को बढ़ावा देकर देश को अस्थिर करना चाहते हैं। सीएम ने कहा कि ये नया भारत विरासत को बिना भेद-भाव के एक-एक नागरिक तक शासन की योजना को प्रभावी ढंग से पहुंचाने का कार्य कर रहा है।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा, भारत आतंकवाद को नेस्तनाबूत करने और नक्सलवाद को खत्म करने के साथ ही अराजकता के खिलाफ भी अपनी लड़ाई मजबूती से आगे बढ़ा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विरासत, विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। वहीं, दूसरी ओर कोप भवन में बैठे मंथरा और मारीच जैसे लोग इस व्यवस्था को प्रभावित करने के लिए अराजकता फैलाकर देश को अस्थिर करने की साजिश रच रहे हैं।
प्रशासन के कड़े इंतजाम
अयोध्या में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। पूरे शहर में 2500 से अधिक पुलिसकर्मियों के साथ विशेष सुरक्षा इकाइयों को भी तैनात किया गया है। इसके अलावा, कार्यक्रम स्थल पर सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन की ओर से जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं।
#WATCH | Ayodhya: Uttar Pradesh CM Yogi Adityanath performs aarti at the banks of the Saryu in Ayodhya as he participates in #Deepotsav2026
More than 30 lakh earthen lamps are set to illuminate 56 ghats along the banks of the Saryu River. https://t.co/ip0Jkcxjis
— ANI (@ANI) November 7, 2026
7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.


