UP Board Exam 2027: 12 नवंबर तक फॉर्म में ऑनलाइन सुधार कर सकेंगे छात्र, जानिए क्या-क्या गलतियां कर सकेंगे ठीक

UP Board Exam 2027: कक्षा 10वीं-12वीं छात्रों के लिए फॉर्म में सुधार का मौका, 12 नवंबर तक नाम-फोटो समेत 9 करेक्शन कर सकेंगे, जन्मतिथि और पूरे नाम के लिए 16 नवंबर अंतिम तिथि, फरवरी में होंगी बोर्ड परीक्षाएं
board exam

उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद यानि यूपी बोर्ड की हाईस्कूल (10वीं) और इंटरमीडिएट (12वीं) की बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों के लिए काम की खबर है। बोर्ड ने शैक्षिक विवरणों में त्रुटि सुधार के लिए विंडो खोल दी है।

छात्र 12 नवंबर 2026 की आधी रात 12 बजे तक आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in पर जाकर सुधार करवा सकते हैं। बोर्ड के निर्देशों के मुताबिक, ऑनलाइन संशोधन की प्रक्रिया विद्यालय के प्रधानाचार्य के लॉगिन से पूरी की जाएगी।

ऑनलाइन क्या सुधार करवा सकेंगे छात्र

शैक्षिक विवरणों में  विषय, वर्ग, छात्र के नाम, माता/पिता के नाम में वर्तनी त्रुटि, जेंडर, जाति, माध्यम (हिन्दी/अंग्रेजी) और फोटो में कक्षा 9-11 के पंजीकरण में अंकित हाईस्कूल के विवरण शामिल है। यदि आवेदन पत्र में इनमें से किसी भी विवरण में गलती हो गई है तो  छात्र निर्धारित समय सीमा में सुधार करवा सकते हैं। ध्यान रहे फॉर्म में छात्र सीधे कोई बदलाव नहीं कर सकेंगे।  यह संशोधन संबंधित प्रधानाचार्य द्वारा पोर्टल पर लॉगिन कर किया जा सकेगा।  इसके लिए छात्रों को आवेदन के साथ मांगे गए दस्तावेज  उपलब्ध कराने होंगे।

जन्मतिथि और पूरे नाम में बदलाव के लिए ऑफलाइन सुविधा

इसके अलावा, छात्र-छात्राओं से जुड़े कुछ सुधार ऑफलाइन माध्यम से भी किए जा सकेंगे।इनमें जन्मतिथि, माता-पिता का पूरा नाम और नियमानुसार डिलीट / रिस्टोर से जुड़े विवरण शामिल हैं। संबंधित प्रधानाचार्य को सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ अपना प्रस्ताव 16 नवंबर 2026 तक जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में जमा करना होगा। छात्रों को सलाह है कि अपने नाम, जन्मतिथि और अन्य जानकारियों का मिलान मूल प्रमाणपत्रों से जरूर कर लें।

कोई परेशानी हो तो कहां करें संपर्क

यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह ने संशोधन प्रक्रिया को लेकर निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने निर्धारित समय सीमा के भीतर जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने को कहा है। तय समय सीमा खत्म होने के बाद छात्रों को विवरणों में सुधार का कोई और मौका नहीं दिया जाएगा। ऑनलाइन बदलाव के लिए अंतिम तारीख 12 नवंबर और ऑफलाइन मामलों के लिए 16 नवंबर 2026 है। किसी तरह की परेशानी या जानकारी के लिए बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालयों से संपर्क किया जा सकता है। मेरठ, बरेली, प्रयागराज, वाराणसी और गोरखपुर के क्षेत्रीय कार्यालयों के साथ प्रयागराज स्थित मुख्यालय के अधिकारियों के संपर्क नंबर आधिकारिक सूचना में दिए गए हैं। छात्र संबंधित कार्यालय से अपनी समस्या का समाधान पूछ सकते हैं।

फरवरी 2027 में होगी यूपी बोर्ड परीक्षाएं

बता दें कि यूपी बोर्ड की हाईस्कूल (10वीं) और इंटरमीडिएट (12वीं) की बोर्ड परीक्षाओं 5 फरवरी 2027 से शुरू होकर 24 फरवरी 2027 तक चलेंगी। परीक्षा का आयोजन दो शिफ्ट में किया जाएगा। पहली शिफ्ट सुबह 8.30 बजे से 11.45 तक होगी। वहीं, दूसरी शिफ्ट दोपहर 2 से शाम के 5.15 बजे तक चलेगी। 5 फरवरी को पहली शिफ्ट में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की हिंदी की परीक्षा होगी। 24 फरवरी को अंतिम दिन संस्कृत और कृषि विषय की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। इस बार 10वीं और 12वीं के कुल 52,04,713 छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया है।

Pooja Khodani
लेखक के बारे में
Pooja Khodani

12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

खबर वह होती है जिसे कोई दबाना चाहता है। बाकी सब विज्ञापन है। मकसद तय करना दम की बात है। मायने यह रखता है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं छापते। (पत्रकारिता में 12 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ हर खबर पर पैनी नजर) View all posts by Pooja Khodani →
Follow Us :GoogleNews