
मानसूनी सक्रियता बढ़ने के कारण उत्तर प्रदेश में झमाझम बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने गुरुवार को भी 51 जिलों में मेघगर्जन और वज्रपात के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं 9 जिलों में अति भारी बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। बीते दिन 50 से ज्यादा जिलों में अच्छी बारिश हुई। भारी बारिश के चलते सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई और बिजली आपूर्ति भी बाधित रही। आज हाथरस और गाजियाबाद जिले में सभी सरकारी व निजी स्कूल बंद रहे।
मौसम विज्ञान केन्द्र (IMD), लखनऊ की ताजा दैनिक रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तर-पश्चिमी मध्य प्रदेश के पास एक निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, इसके प्रभाव से 11-12 जुलाई तक प्रदेश में भारी से अति बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। हालांकि पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 15 जुलाई तक मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान मेघगर्जन, वज्रपात के साथ 40 से 60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने के भी आसार हैं।
गुरुवार को इन जिलों में अलर्ट
- अत्यधिक भारी बारिश (रेड अलर्ट): मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, संभल, बदायूं।
- भारी बारिश (ऑरेंज अलर्ट): कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, सहारनपुर, शामली, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, बुलंदशहर, कासगंज, शाहजहांपुर।
- भारी बारिश (येलो अलर्ट): बांदा, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, गोंडा, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, अयोध्या, अंबेडकर नगर, गौतम बुद्ध नगर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा ।
- मेघगर्जन एवं वज्रपात: बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रवि दास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या,अंबेडकर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, जालौन
उत्तर प्रदेश में अबतक कहां कितनी हुई बारिश
1 जून से अब तक प्रदेश में 27 प्रतिशत कम बारिश हुई है। इस अवधि में 117.8 मिमी बारिश हुई है जबकी 160.8 मिमी होनी चाहिए थी। पश्चिमी यूपी में सामान्य से 13% अधिक और पूर्वी यूपी में सामान्य से 48% कम बारिश हुई है।
- 8 जिले: सामान्य से अत्यधिक वर्षा (+60% से अधिक) – जैसे आगरा, मेरठ, मुजफ्फरनगर।
- 6 जिले: सामान्य से अधिक (+20% से +59%) – जैसे बागपत, बिजनौर, ललितपुर।
- 14 जिले: सामान्य वर्षा (+19% से -19%) – जैसे बरेली, गाजियाबाद, अलीगढ़।
- 27 जिले: सामान्य से कम वर्षा (-20% से -59%) – जैसे अयोध्या, प्रयागराज, वाराणसी।
- 20 जिले: सामान्य से अत्यधिक कम वर्षा (-60% से -99%) – जैसे लखनऊ, कानपुर, झाँसी।


12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

