‘मुस्लिम आतंकवादी नहीं, देश के प्रति वफादार’, संभल में ATS सेंटर खोलने पर भड़के सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क

जियाउर्रहमान बर्क ने यह भी आरोप लगाया कि ATS सेंटर के नाम पर कब्रिस्तानों की जमीन छीनने की कोशिश हो रही है, जो समुदाय के लिए अपमानजनक है।
‘मुस्लिम आतंकवादी नहीं, देश के प्रति वफादार’, संभल में ATS सेंटर खोलने पर भड़के सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क

उत्तर प्रदेश के संभल जिले में ATS (एंटी टेररिज्म स्क्वॉड) सेंटर स्थापित करने के सरकार के फैसले पर सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने कड़ा विरोध जताया है। उन्होंने कहा कि मुस्लिम समुदाय आतंकवादी नहीं, बल्कि देश के प्रति वफादार है और हमेशा राष्ट्रहित में योगदान देता रहा है। बर्क ने आरोप लगाया कि BJP सरकार जानबूझकर मुस्लिम समाज को निशाना बनाकर बदनाम करने की कोशिश कर रही है।

बर्क ने मांग की कि ATS सेंटर की बजाय संभल में शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के लिए संस्थान स्थापित किए जाएं। उन्होंने कहा कि सरकार को यूनिवर्सिटी, मेडिकल कॉलेज और उद्योगों जैसे कदम उठाने चाहिए, जो समाज के विकास में मदद करें। सांसद ने जोर देकर कहा कि मुसलमान जहां भी रहते हैं, वफादारी के साथ रहते हैं और देश के प्रति उनकी निष्ठा पर सवाल उठाना गलत है।

कब्रिस्तानों की जमीन छीनने की कोशिश

जियाउर्रहमान बर्क ने यह भी आरोप लगाया कि ATS सेंटर के नाम पर कब्रिस्तानों की जमीन छीनने की कोशिश हो रही है, जो समुदाय के लिए अपमानजनक है। बर्क ने चेतावनी दी कि ऐसी नीतियां समाज में नफरत को बढ़ावा देंगी, क्योंकि ATS सेंटर में काम करने या पढ़ने वाले लोग विभिन्न समुदायों से होंगे। उन्होंने कहा कि सरकार को ऐसी योजनाओं से बचना चाहिए, जो किसी खास समुदाय को टारगेट करती हों।

सभी वर्गों को समान अवसर मिले

सपा सांसद ने अपील की कि सरकार को सभी वर्गों को समान अवसर प्रदान करने चाहिए। उन्होंने कहा कि मुस्लिम समाज ने देश की आजादी से लेकर हर चुनौती में बलिदान दिया है और आज भी देश की सेवा में लगा है। बर्क ने जोर दिया कि लोगों को सुरक्षा से ज्यादा शिक्षा और रोजगार की जरूरत है, ताकि समाज में सकारात्मक बदलाव आए।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews