यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो की तैयारियां तेज; सीएम योगी ने किया दौरा, पीएम मोदी करने वाले हैं उद्घाटन

सीएम योगी ने आयोजन के व्यापक प्रचार के लिए स्कूलों, कॉलेजों और यूनिवर्सिटियों में पोस्टर, डिजिटल स्क्रीन और जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।
UP Uttar Pradesh

ग्रेटर नोएडा में 25 से 29 सितंबर तक यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS-2025) आयोजित होगी। इसकी तैयारियों का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को इंडिया एक्सपो मार्ट का दौरा किया। इस मेगा इवेंट का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। सीएम ने अधिकारियों को सुरक्षा, सुविधाओं और प्रचार-प्रसार पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए, ताकि यह आयोजन उत्तर प्रदेश की संस्कृति और उत्पादों को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित कर सके।

मुख्यमंत्री ने जोर दिया कि यह ट्रेड शो केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के ODOP (एक जिला, एक उत्पाद) और खादी जैसे उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय खरीदारों तक पहुंचाने का अवसर है। उन्होंने सभी जिलों को सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया, ताकि स्थानीय कारीगरों और युवा उद्यमियों को निवेश और रोजगार के नए अवसर मिलें। इसके साथ ही, शो में एक विशेष फैशन शो भी होगा, जिसमें खादी और हस्तशिल्प उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने पर फोकस होगा।

जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश

सीएम योगी ने आयोजन के व्यापक प्रचार के लिए स्कूलों, कॉलेजों और यूनिवर्सिटियों में पोस्टर, डिजिटल स्क्रीन और जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। विशेष रूप से गौतम बुद्ध यूनिवर्सिटी के छात्रों को इस आयोजन में शामिल होने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि उन्हें व्यावहारिक अनुभव और रोजगार के अवसर प्राप्त हों। इसके अलावा, बुजुर्गों और विदेशी मेहमानों के लिए शटल सेवा, आवास और कड़े सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया।

ई-कार्ट से पूरे स्थल का जायजा

निरीक्षण के दौरान सीएम ने ई-कार्ट से पूरे स्थल का जायजा लिया। इस मौके पर एमएसएमई मंत्री राकेश सचान, औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, जिलाधिकारी मेधा रुपम और पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। यह आयोजन ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और उत्तर प्रदेश की वैश्विक छवि को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews