Hindi News

मंत्री ओपी राजभर ने अविमुक्तेश्वरानंद को दी नसीहत, कहा- उनका काम धर्म का प्रचार करना, न कि PM और CM के खिलाफ बयानबाजी करना

Written by:Gaurav Sharma
Published:
उत्तर प्रदेश के पंचायतीराज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने मेरठ में समीक्षा बैठक के बाद कांग्रेस और सपा पर प्रदेश का माहौल खराब करने का आरोप लगाया। उन्होंने शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद को भी नसीहत दी और अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए जिलों में सद्भाव मंडप और उत्सव भवन बनाने की घोषणा की।
मंत्री ओपी राजभर ने अविमुक्तेश्वरानंद को दी नसीहत, कहा- उनका काम धर्म का प्रचार करना, न कि PM और CM के खिलाफ बयानबाजी करना

मेरठ: उत्तर प्रदेश सरकार में पंचायतीराज और अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने गुरुवार को मेरठ में विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर प्रदेश में माहौल बिगाड़ने की साजिश रचने का आरोप लगाते हुए कहा कि मोदी और योगी के राज में दंगे और कर्फ्यू का दौर खत्म हो गया है। राजभर ने यह भी ऐलान किया कि अल्पसंख्यकों के लिए हर जिले में सद्भाव मंडप और गांवों में गरीबों के लिए उत्सव भवन बनाए जाएंगे।

मंत्री ओमप्रकाश राजभर मेरठ सर्किट हाउस में मेरठ, बागपत, हापुड़ और बुलंदशहर के विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करने पहुंचे थे। बैठक के बाद आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने विभिन्न मुद्दों पर बेबाकी से अपनी राय रखी।

विपक्ष और शंकराचार्य पर हमलावर

राजभर ने शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद पर टिप्पणी करते हुए कहा कि उनका काम धर्म का प्रचार करना है, न कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के खिलाफ बयानबाजी करना। उन्होंने कहा, “शंकराचार्य के खिलाफ शिकायत हुई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। कानून हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई होगी।”

“कांग्रेस और सपा प्रदेश में माहौल खराब करने में जुटे हैं। लखनऊ विश्वविद्यालय परिसर में मस्जिद के बाहर नमाज पढ़ने का विवाद भी इन्हीं की साजिश है।”- ओमप्रकाश राजभर, कैबिनेट मंत्री, उत्तर प्रदेश

उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को भी आड़े हाथों लिया। राजभर ने कहा कि राहुल गांधी विदेश जाकर उसी निर्वाचन प्रक्रिया पर सवाल उठाते हैं, जिससे वह खुद सांसद चुने गए और कर्नाटक में उनकी पार्टी की सरकार बनी। उन्होंने कहा, “अगर उन्हें निर्वाचन प्रक्रिया पर भरोसा नहीं है, तो इस्तीफा देकर आरोप लगाने चाहिए।”

‘मोदी-योगी राज में माफिया नदारद’

अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए ओमप्रकाश राजभर ने दावा किया कि भाजपा गठबंधन सरकार में प्रदेश और देश से बड़े माफिया नदारद हो गए हैं। उन्होंने कहा, “आज प्रदेश में सड़कों का जाल बिछ गया है, रेलवे स्टेशनों का कायाकल्प हो चुका है। शहरों में मेट्रो और एक्सप्रेसवे की जरूरतें पूरी की गई हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि अल्पसंख्यकों के लिए चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं का ही नतीजा है कि एक साल में 51 मुस्लिम बच्चों ने IAS परीक्षा पास की है।

हर जिले में बनेंगे सद्भाव मंडप और उत्सव भवन

समीक्षा बैठक के बाद मंत्री ने विकास योजनाओं की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अल्पसंख्यक विभाग हर जिले में ‘सद्भाव मंडप’ का निर्माण करेगा, जिसके लिए मेरठ के सिवाया गांव में जमीन मिल गई है। इसके अलावा, पंचायती राज विभाग गांवों में गरीबों के विवाह और अन्य कार्यक्रमों के लिए ‘उत्सव भवन’ बनाएगा। उन्होंने बताया कि ट्रायल के तौर पर हर जिले में 1.45 करोड़ रुपये की लागत से एक-एक उत्सव मंडप बनाया जाएगा, जिसके लिए जमीन मांगी जा रही है। राजभर ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भी एनडीए गठबंधन बहुमत से सरकार बनाएगा।

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !
Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma
Follow Us :GoogleNews