पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं के प्रभाव से उत्तर प्रदेश में ठंड का असर बरकरार है।राज्य में औसत अधिकतम तापमान 18°C और न्यूनतम तापमान 7°C के आसपास बना हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से 21 जनवरी को पश्चिमी यूपी में बादल छाने के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विज्ञान केन्द्र (IMD), लखनऊ के अनुसार, अगले तीन-चार दिनों तक पूर्वी और पश्चिमी यूपी में घना कोहरा और कोल्ड डे की स्थिति बनी रह सकती है। अगले 2 दिन अधिकतम तापमान में कोई बदलाव होने के आसार नहीं हैं, लेकिन उसके बाद 2 से 4 °C तक वृद्धि हो सकती है। वहीं न्यूनतम तापमान में अगले 5 दिनों में धीरे-धीरे 4 से 6 °C तक का इजाफा हो सकता है। घने कोहरे के चलते सड़क व रेल यातायात प्रभावित हो सकता है।
कई जिलों में तापमान 5 °C से नीचे पहुंचा
- गुरुवार (15 जनवरी 2026) को हरदोई जिला सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 3 °C दर्ज किया गया है। इसके अलावा फुरसतगंज में 3.4 °C, बरेली में 3.5 °C, कानपुर नगर में 3.8 °C और अलीगढ़ में 4 °C दर्ज किया गया।
- शुक्रवार (16 जनवरी 2026) सुबह सहारनपुर, बिजनौर, शामली, मुजफ्फरनगर, अमरोहा, मुरादाबाद, संभल, रामपुर, बदायूं, बरेली, शाहजहांपुर, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, मेरठ, हापुड़, बागपत, गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, गोरखपुर, सिद्धार्थनगर, संतकबीरनगर, बस्ती, गोंडा, बलरामपुर, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद और कासगंज में कोहरा छाया रहा।
22 जनवरी तक कैसा रहेगा यूपी का मौसम
मौसम विज्ञान केन्द्र (IMD), लखनऊ की ताजा दैनिक रिपोर्ट (16 जनवरी 2026) के मुताबिक, 16 से 22 जनवरी तक पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि 21 जनवरी को पश्चिमी यूपी में बादल छाने के साथ हल्की बारिश होने का अनुमान है। 16 से 19 जनवरी तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अनेक स्थानों पर मध्यम से घना कोहरा छाने के साथ कोल्ड डे की स्थिति बन सकती है। 19 से 22 जनवरी तक कोई चेतावनी नहीं है। 16 से 20 जनवरी तक पूर्वी यूपी में कोहरे के साथ कोल्ड डे की संभावना जताई गई है। 21-22 जनवरी को कोई चेतावनी नहीं है।
यूपी के इन जिलों में बढ़ी स्कूल की छुट्टियां
- बढ़ती ठंड और छात्रों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए रामपुर, मुरादाबाद, सहारनपुर, बिजनौर, गौतमबुद्ध नगर, बरेली, मुजफ्फरनगर, संभल, शामली और पीलीभीत में कक्षा 8वीं तक के सभी सरकारी व निजी स्कूल 17 जनवरी तक बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
- बदायूं जनपद में प्री प्राइमरी से कक्षा 12वीं तक संचालित समस्त परिषदीय, राजकीय, सहायता प्राप्त एवं समस्त बोर्डों से संचालित मान्यता प्राप्त स्कूलों में 17 जनवरी 2026 तक अवकाश घोषित किया गया है।
- माघ मेला और मौनी अमावस्या पर श्रद्धालुओं की बढ़ने वाली भीड़ को देखते प्रयागराज डीएम मनीष कुमार वर्मा ने कक्षा 1 से लेकर 12वीं तक के सभी स्कूलों (परिषदीय/बोर्ड/CBSE/ICSE ) को 20 जनवरी तक बंद रखने के निर्देश दिए हैं।
UP Weather Forecast Report







