
उत्तर प्रदेश में कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 18 फरवरी 2026 से शुरू होने जा रही हैं, जो 12 मार्च 2026 तक चलेंगी। परीक्षाएं 2 शिफ्ट में आयोजित की जाएंगी। पहली शिफ्ट सुबह 8:30 से 11:45 बजे और दूसरी शिफ्ट दोपहर 2 से शाम 5:15 बजे तक होगी। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) ने आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in पर एडमिट कार्ड जारी कर दिए गए हैं। रेगुलर छात्र अपने स्कूल से प्रधानाचार्य के हस्ताक्षर और मुहर लगा हुआ एडमिट कार्ड प्राप्त कर सकते हैं।
प्राइवेट छात्र इसे सीधे वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं। अगर एडमिट कार्ड में कोई गलती पाई जाती है छात्र अपने स्कूल के प्रिंसिपल को सूचित कर सकते हैं। राहत की बात ये है कि यदि कोई छात्र जल्दबाजी में अपना एडमिट कार्ड घर भूल जाता है, तो उसे परीक्षा से वंचित नहीं किया जाएगा। केंद्र व्यवस्थापक उसे प्रोविजनल (अस्थाई) रूप से परीक्षा में बैठने की अनुमति दे सकते हैं, बशर्ते छात्र अगले पेपर में अपना मूल प्रवेश पत्र या डुप्लीकेट कॉपी दिखाए। अगर किसी छात्र का एडमिट कार्ड खो जाता है तो वे इसकी जानकारी स्कूल को दे सकते हैं।
50 लाख से ज्यादा छात्र देंगे परीक्षा
इस बार प्रदेश भर से कुल 52,30,297 परीक्षार्थी (हाईस्कूल में 2750945 और इंटर में 2479352) परीक्षा में शामिल होने की संभावना है। पूरे प्रदेश में कुल 8,033 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सुरक्षा के लिहाज से 222 केंद्रों को ‘अति संवेदनशील’ और 683 को ‘संवेदनशील’ श्रेणी में रखा गया है।
छात्र इन बातों का रखें ध्यान
- छात्रों को परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से कम से कम 30 मिनट पहले पहुँचना होगा। छात्रों को मुख्य परीक्षा शुरू होने से पहले 15 मिनट का अतिरिक्त समय केवल प्रश्न पत्र पढ़ने के लिए दिया जाएगा।
- कॉपी के अंदर नाम या कोई भी पहचान चिन्ह लिखना वर्जित है। रफ कार्य के लिए कॉपी के अंतिम पृष्ठ का उपयोग करें और उसे क्रॉस (X) कर दें।
- एडमिट कार्ड के साथ एक वैध फोटो पहचान पत्र (जैसे आधार कार्ड) ले जाना जरूरी है।
- मोबाइल, स्मार्टवॉच, कैलकुलेटर या किसी भी तरह के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट परीक्षा हॉल में पूरी तरह प्रतिबंधित हैं।
- विद्यार्थी केंद्र पर एडमिट कार्ड साथ लेकर नहीं जायेंगे उनको परीक्षा कक्ष में एंट्री नहीं दी जाएगी। इसमें छात्र का नाम, रोल नंबर, फोटो, परीक्षा केंद्र का पता, विषयों की लिस्ट और जरूरी निर्देश लिखे होते हैं।
- दिव्यांग परीक्षार्थियों को पेपर हल करने के लिए 20 मिनट प्रति घंटा का अतिरिक्त समय दिया जाएगा। यदि परीक्षा केंद्र बहुमंजिला इमारत में है, तो उनके बैठने की व्यवस्था भूतल (Ground Floor) पर ही की जाएगी।
- परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के जरिए वेबकास्टिंग होगी। नकल करते पकड़े जाने या उत्तर पुस्तिका में पैसे (Currency) रखने पर नकल निवारण अधिनियम 2024 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- परीक्षा केंद्र पर देर से पहुंचने वाले छात्रों को 30 मिनट का ‘ग्रेस टाइम’ (अतिरिक्त समय) दिया जा सकता है, लेकिन इसके लिए ठोस कारण बताना अनिवार्य होगा।
12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

