UP Board: 10वीं-12वीं छात्रों के लिए जरूरी खबर, कंपार्टमेंट और इंप्रूवमेंट परीक्षा के लिए 27 जून तक भरे फॉर्म, जानें फीस-नियम

यूपी बोर्ड की परीक्षा में पास होने के लिए छात्रों को प्रत्येक विषय में और कुल मिलाकर कम से कम 33% अंक प्राप्त करना अनिवार्य है।
up board

उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) ने शैक्षणिक सत्र 2026 की कक्षा 10वीं-12वीं की इम्प्रूवमेंट और कम्पार्टमेंट परीक्षा के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। इसके साथ ही बोर्ड ने आवेदन की पूरी प्रक्रिया और जरूरी दिशा-निर्देश भी साझा किए हैं, जिससे असफल रहे या अंक सुधारने के इच्छुक छात्रों को एक और मौका मिल सकेगा।

​यूपी बोर्ड की कम्पार्टमेंट और इम्प्रूवमेंट परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 6 जून 2026 से शुरू हो चुकी है। योग्य छात्र बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in पर जाकर अपना फॉर्म भर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 27 जून 2026 की आधी रात (12 बजे) तक निर्धारित की गई है। छात्रों को निर्धारित परीक्षा शुल्क सरकारी कोषागार (ट्रेजरी) में चालान के माध्यम से जमा करना होगा।

ऑनलाइन फॉर्म भरने के बाद छात्रों को आवेदन पत्र की डाउनलोड की गई प्रति और ट्रेजरी चालान की मूल प्रति (ओरिजिनल कॉपी) को एक साथ संलग्न करना होगा। इन दोनों दस्तावेजों को आवेदन की अंतिम तिथि (27 जून) के बाद अगले तीन दिनों के भीतर, यानी 30 जून 2026 तक संबंधित क्षेत्रीय कार्यालय में रजिस्टर्ड पोस्ट (पंजीकृत डाक) के माध्यम से भेजना अनिवार्य है। संभावना है कि परीक्षाएं जुलाई 2026 के अंतिम सप्ताह और नतीजे अगस्त 2026 के पहले सप्ताह तक घोषित किए जा सकते हैं। हालांकि तारीखों को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

कक्षा 10वीं (हाईस्कूल) के लिए नियम और फीस

  • ​हाईस्कूल के छात्रों के लिए बोर्ड ने दो श्रेणियां तय की हैं। पहली श्रेणी ‘इम्प्रूवमेंट परीक्षा’ की है, जिसमें वे छात्र आवेदन कर सकते हैं जो केवल एक विषय में अनुत्तीर्ण (फेल) हुए हैं और अपने प्रदर्शन में सुधार करना चाहते हैं।
  • दूसरी श्रेणी ‘कम्पार्टमेंट परीक्षा’ की है, जिसके तहत वे छात्र आवेदन करने के पात्र हैं जो अधिकतम दो विषयों में फेल हुए हैं, हालांकि वे इन दोनों में से किसी एक ही विषय की कम्पार्टमेंट परीक्षा दे सकेंगे। हाईस्कूल इम्प्रूवमेंट और कम्पार्टमेंट परीक्षा के लिए आवेदन शुल्क 256.50 रुपये तय किया गया है।

​कक्षा 12वीं (इंटरमीडिएट) के लिए नियम और फीस

  • इंटरमीडिएट के तहत मानविकी (आर्ट्स), विज्ञान (साइंस) और वाणिज्य (कॉमर्स) वर्ग के वे छात्र आवेदन कर सकते हैं जो किसी एक विषय में फेल हुए हैं। इसके साथ ही कृषि भाग-1 और भाग-2 के छात्र भी किसी एक पेपर में अनुत्तीर्ण होने पर इस परीक्षा के पात्र माने जाएंगे।
  • व्यावसायिक वर्ग (वोकेशनल स्ट्रीम) के छात्र भी ट्रेड से जुड़े किसी एक पेपर में असफल होने पर फॉर्म भर सकते हैं। इंटरमीडिएट कम्पार्टमेंट परीक्षा के लिए आवेदन शुल्क 306 रुपये निर्धारित किया गया है।

यूपी बोर्ड की परीक्षा में पास होने के लिए छात्रों को प्रत्येक विषय में और कुल मिलाकर कम से कम 33% अंक प्राप्त करना अनिवार्य है। अगर प्रश्न पत्र 100 अंकों का है तो उसमें पास होने के लिए कम से कम 33 अंक जरूरी हैं। इसी तरह अलग-अलग अंकों वाले पेपर में भी 33% का नियम लागू होता है। अगर एक या दो सब्जेक्ट में न्यूनतम पास प्रतिशत से कम अंक आते हैं, तो छात्र फेल माना जाएगा। जो छात्र एक या दो विषय में फेल होंगे, उन्हें कंपार्टमेंट परीक्षा के जरिए सुधार का मौका दिया जाएगा।

UP Board Improvement and Compartment Exam Notification

Pooja Khodani
लेखक के बारे में
Pooja Khodani

12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

खबर वह होती है जिसे कोई दबाना चाहता है। बाकी सब विज्ञापन है। मकसद तय करना दम की बात है। मायने यह रखता है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं छापते। (पत्रकारिता में 12 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ हर खबर पर पैनी नजर) View all posts by Pooja Khodani →
Follow Us :GoogleNews