MP Breaking News

योगी ने नेपालगंज रोड-नानपारा-बहराइच रेल खंड एवं ट्रेन सेवा का शुभारंभ किया, पिछली सरकारों पर संकीर्ण सोच के आरोप लगाये

योगी बोले भाजपा की डबल इंजन सरकार ने इन्सेफेलाइटिस जैसी बीमारी से मुंह नहीं मोड़ा, हमने कहा आज कोई भी बीमारी अज्ञात नहीं हो सकती हम इसे ढूंढ निकालेंगे और इसका उन्मूलन भी करेंगे और हमने कर दिखाया।  
Yogi inaugurated Nepalgunj Road-Nanpara-Bahraich rail section

Yogi inaugurated Nepalgunj Road-Nanpara-Bahraich rail section

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज बहराइच में नेपालगंज रोड-नानपारा-बहराइच रेल खंड एवं इस खंड पर  4 नई ट्रेन सेवा की शुरुआत की, इस कार्यक्रम के तहत केंद्रीय रेल मंत्रीअश्विनी वैष्णव वर्चुअल रूप में जुड़े , योगी ने कहा आज का दिन हम सबके लिए दशकों के सपने को साकार करने जैसा है ये क्षेत्र आजादी के बाद से विकास से वंचित रहा पिछली सरकारों ने इस क्षेत्र को बॉर्डर का क्षेत्र मानकर ऐसा ही छोड़ दिया।

योगी बोले यहाँ रेल की कनेक्टिविटी पर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की सरकारों ने कोई ध्यान नहीं दिया यहाँ रेल लाइन थी लेकिन मीटर गेज यानि छोटी लाइन थी, नतीजा ये क्षेत्र विकास में पिछड़ गया, राज्य के दूसरे शहरों से भी ये क्षेत्र रेलवे सेवा से दूर रहा, नेपाल की कनेक्टिविटी भी नहीं हो पाई। उन्होंने कहा कई जगह रेल सेवा का विस्तार हुआ, मीटर गेज से ब्रॉड गेज बनी, नई रेल चली लेकिन ये रेल खंड मीटर गेज के रूप में उन सरकारों की संकीर्ण सोच का प्रतीक बना रहा जिन्होंने इस क्षेत्र को बॉर्डर का क्षेत्र मानकर पिछड़ेपन का पर्याय बना दिया था।

पिछली सरकारों के लिए ये बॉर्डर क्षेत्र अंतिम छोर, हमारे लिए भारत का प्रवेश द्वार 

योगी ने कहा पिछली सरकारों के लिए ये बॉर्डर क्षेत्र भले ही अंतिम छोर रहा हो लेकिन हमारे लिए नानपारा, बहराइच का ये क्षेत्र भारत का प्रवेश द्वार रहा है इसलिए प्रधानमंत्री मोदी की प्रेरणा से रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने 56 किलोमीटर के रेल खंड को 730 करोड़ रुपये की लागत से समय सीमा में पूरा कराया है। आज 4 ट्रेन यहाँ से शुरू होने जा रही है जिससे कनेक्टिविटी और अच्छी होगी उन्होंने कहा जब कनेक्टिविटी होती है तो वह हमें गति देती है और जब गति अपने सकारात्मक रूप में अपने गंतव्य की तरफ बढती है तो वही प्रगति का आधार बनती है अब यही गति यहाँ  की समृद्धि का आधार बनेगी।

ये रेल खंड भारत और नेपाल के सांस्कृतिक सम्बन्धों को और मजबूत बनाएगा

मुख्यमंत्री ने कहा ये रेल खंड ना केवल रेलवे की कनेक्टिविटी बढ़ाएगा बल्कि भारत और नेपाल के सांस्कृतिक सम्बन्धों को और मजबूत बनाएगा ,उन्होंने कहा कि बहराइच नानपारा नेपालगंज रोड का ये क्षेत्र अब विकास की दृष्टि से मजबूत होगा यहाँ उद्योग लगेंगे, व्यापार बढ़ेगा, पर्यटन बढेगा, रोजगार के साधन बढ़ेंगे, इन सुविधाओं से आवागमन तो सुलभ होगा ही बल्कि इस क्षेत्र की नई संभावनाओं को भी गति मिलेगी।

हमने माफिया को और इन्सेफेलाइटिस जैसी बीमारी को समाप्त किया 

योगी ने कहा पिछली सरकारें हर जनपद में एक माफिया पालती थी लेकिन अब माफिया नहीं मेडिकल कॉलेज बन रहे हैं, क्या कोई सोच सकता था बहराइच में मेडिकल कॉलेज होगा लेकिन अब है, योगी बोले कभी ये सीजन इस क्षेत्र में इन्सेफेलाइटिस जैसे बीमारी का भय लेकर आता था और जब बच्चे दम तोड़ते थे पिछली सरकारें अज्ञात बीमारी का नाम देकर  बच्चों की मौत पर पर्दा डालने का काम करती थी , लेकिन आज हमने माफिया को भी समाप्त कर दिया और इन्सेफेलाइटिस जैसी बीमारी को भी समाप्त कर दिया, अब ये सीजन किसी माता पिता के लिए चिंता का विषय नहीं होता।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena
Follow Us :GoogleNews
योगी ने नेपालगंज रोड-नानपारा-बहराइच रेल खंड एवं ट्रेन सेवा का शुभारंभ किया, पिछली सरकारों पर संकीर्ण सोच के आरोप लगाये