अंबाला के शहजादपुर में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। लूटपाट के इरादे से चार बदमाशों ने उत्तराखंड के युवक साहिल बिष्ट पर हमला किया और उसकी चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
टिहरी गढ़वाल निवासी 30 वर्षीय साहिल बिष्ट यहां ढाबे पर तंदूर का काम करता था। रोज़ की तरह काम खत्म करने के बाद जब वह अपने घर के लिए लौट रहा था तभी बदमाशों ने रास्ते में उसे रोक लिया। लूट का विरोध करने पर उसकी छाती में चाकू घोंप दिया गया।
चाकू मारकर बदमाश हुए फरार
पुलिस के अनुसार, बदमाशों ने पहले उससे सामान और पैसे छीनने की कोशिश की। विरोध करने पर उसकी छाती में चाकू घोंप दिया गया। गंभीर रूप से घायल साहिल किसी तरह होटल तक पहुंचा और स्टाफ को घटना की जानकारी दी। लेकिन कुछ ही सेकेंड बाद वह वहीं गिर पड़ा। होटल स्टाफ ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया और फिर चंडीगढ़ पीजीआई रेफर किया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने जुटाए साक्ष्य
घटना की जानकारी होटल के कोषाध्यक्ष पंकज ने पुलिस को दी। इसके आधार पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या और लूट का मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सीएम धामी ने की सैनी से बात
इस घटना के बाद उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से फोन पर बात की। उन्होंने दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलाने की मांग की। सीएम सैनी ने आश्वासन दिया कि अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और पुलिस को सख्त कार्रवाई के आदेश दिए जा चुके हैं। धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार मृतक के परिवार के साथ खड़ी है।





