Chamoli Tunnel Accident: 22 में से 19 लोगों को निकाला गया, 3 की तलाश जारी, अब तक 7 की मौत; पीपलकोटी पहुंचे CM धामी

खराब मौसम के बीच पीपलकोटी पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, टनल साइट पर जाकर रेस्क्यू ऑपरेशन का लेंगे जायजा
Chamoli Tunnel Accident: 22 में से 19 लोगों को निकाला गया, 3 की तलाश जारी, अब तक 7 की मौत; पीपलकोटी पहुंचे CM धामी

चमोली। उत्तराखंड के चमोली में मायापुर (पीपलकोटी) स्थित THDC की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे के बाद रातभर रेस्क्यू ऑपरेशन चला। टनल में कुल 22 लोगों के फंसे होने की जानकारी सामने आई थी, जिनमें से अब तक 19 लोगों को बाहर निकाला जा चुका है। तीन लोगों की तलाश अभी जारी है। हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत की सूचना है।

इसी बीच शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी पीपलकोटी पहुंच गए हैं। मौसम बेहद खराब होने के कारण उनके हेलीकॉप्टर की लैंडिंग मुश्किल परिस्थितियों में हुई। सीएम धामी टनल साइट पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन का जायजा लेंगे और मौके पर मौजूद टीमों से अब तक चले अभियान की जानकारी लेंगे। इसके बाद वे रेस्क्यू किए गए घायल श्रमिकों से भी मुलाकात करेंगे।

टनल के डेढ़ किलोमीटर हिस्से में आया मलबा और पानी

यह हादसा THDC की विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की TRT टनल में हुआ है। टनल की कुल लंबाई करीब 3 किलोमीटर है। जानकारी के मुताबिक भूधंसाव के बाद टनल के करीब 1.5 किलोमीटर हिस्से में मलबा और पानी आ गया, जिसके कारण अंदर काम कर रहे लोग फंस गए।

घटना के बाद बचाव में मदद के लिए टनल के अंदर गए सभी 6 बचावकर्मी भी सुरक्षित हैं। वहीं रेस्क्यू किए गए घायलों को जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंचाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

NDRF-SDRF समेत कई टीमें रेस्क्यू में जुटीं

टनल में फंसे बाकी तीन लोगों की तलाश के लिए NDRF, SDRF, ITBP और पुलिस समेत तकनीकी और विशेषज्ञ टीमें लगातार काम कर रही हैं। टनल के अंदर पानी और मलबा होने के कारण रेस्क्यू टीमों को बेहद सावधानी के साथ आगे बढ़ना पड़ रहा है।

चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार भी घटनास्थल पर मौजूद हैं और रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं। फिलहाल टीमों का पूरा फोकस टनल में फंसे बाकी तीन लोगों तक पहुंचने पर है।

खराब मौसम के बीच पीपलकोटी पहुंचे सीएम धामी

हादसे और रेस्क्यू ऑपरेशन के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पीपलकोटी पहुंचे हैं। खराब मौसम के बावजूद उनका हेलीकॉप्टर यहां लैंड हुआ। सीएम टनल में चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन को मौके पर जाकर देखेंगे और प्रशासन, पुलिस, SDRF, NDRF समेत अभियान में लगी एजेंसियों से मौजूदा स्थिति की जानकारी लेंगे।

मुख्यमंत्री इसके बाद घायल श्रमिकों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी भी लेंगे। टनल के अंदर फंसे तीन लोगों की तलाश और रेस्क्यू ऑपरेशन फिलहाल जारी है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews