लखनऊ अग्निकांड के बाद उत्तराखंड सरकार सतर्क, मुख्यमंत्री धामी ने राज्यभर में फायर सेफ्टी ऑडिट के दिए निर्देश

लखनऊ के अलीगंज कोचिंग अग्निकांड के बाद उत्तराखंड सरकार अलर्ट हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में अस्पताल, मॉल, होटल और कोचिंग संस्थानों में फायर से​फ्टी ऑडिट करने का निर्देश दिए है।
Pushkar Singh Dhami

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को देहरादून स्थित सचिवालय में उच्च स्तरीय बैठक की। जिसमें सीएम धामी ने अधिकारियों को राज्य की सभी अस्पतालों, कोचिंग संस्थाओं, मॉल, होटल और भीड़ भाड़ वाली इमारतों का पूरा फायर सेफ्टी ऑडिट करने का निर्देश दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में से एक है और फायर सेफ्टी स्टैंडर्ड का पालन करने में कोई भी लापरवाही बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री धामी ने बैठक में उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर अग्नि सुरक्षा व्यवस्था निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं है, उनकी तत्काल पहचान कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि फायर फाइटिंग उपकरणों, आपातकालीन निकास मार्गों, विद्युत सुरक्षा प्रणालियों तथा आपात स्थिति में सुरक्षित निकासी व्यवस्था की विशेष रूप से जांच की जाए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को अग्निशमन सेवा विभाग, जिला प्रशासन और अन्य संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, ताकि फायर सेफ्टी ऑडिट की प्रक्रिया निर्धारित समय-सीमा में प्रभावी ढंग से पूरी की जा सके।

लखनऊ कोचिंग अग्निकांड में 15 लोगों की मौत

बता दें कि सोमवार को यूपी की राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में कोचिंग अग्निकांड ने पूरे देश को झकझोर दिया है। इस हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई है। सीएम योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर कोचिंग सेंटर में लगी आग की जांच का मामला एसआईटी को सौंपा गया है। एसआईटी 7 दिनों के भीतर जांच कर अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपेगी। विभिन्न राज्यों की सरकारें इस हादसे के बाद सख्त हो गईं हैं एवं फायर सेफ्टी के निर्देश भी दिए हैं।

सीएम योगी ने किया मुआवजे का ऐलान

मुख्यमंत्री योगी ने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक मदद की घोषणा की। पीएम नरेंद्र मोदी ने भी घटना पर दुःख जताते हुए मृतकों के परिवारीजनों के लिए 2-2 लाख और घायलों के लिए 50-50 हजार रुपये आर्थिक मदद का ऐलान किया है।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews