मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज राज्य के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने अवस्थापना सुविधाओं के विकास के तहत विभिन्न सड़कों, शासकीय आवासों के निर्माण और सार्वजनिक सुविधाओं से संबंधित योजनाओं के लिए कुल 20.79 करोड़ रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। मुख्यमंत्री धामी ने इस मौके पर सभी संबंधित अधिकारियों को योजनाओं से संबंधित निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में सड़क, आवास और जनसुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं के पूर्ण होने से स्थानीय जनता को बेहतर आवागमन, आधारभूत सुविधाएं और विकास का सीधा लाभ प्राप्त होगा।
मुख्यमंत्री ने जनपद चम्पावत के टनकपुर में न्यायिक अधिकारियों के लिए एक टाईप V आवास निर्माण हेतु कुल 1.29 करोड़ रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की। इस मद में प्रथम किश्त के रूप में 60 प्रतिशत धनराशि यानी 77.61 लाख रुपये भी स्वीकृत किए गए हैं, जिसमें केन्द्रांश के रूप में 69.85 लाख रुपये और राज्यांश के रूप में 7.76 लाख रुपये सम्मिलित हैं। इसके साथ ही, उन्होंने होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा मुख्यालय के नागरिक सुरक्षा कार्यालय हेतु अनावासीय भवन निर्माण कार्य के लिए 2.24 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति के सापेक्ष प्रथम किश्त के रूप में 89.80 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति का अनुमोदन प्रदान किया।
सीएम धामी ने सड़क निर्माण कार्यों के लिए करोड़ों की राशि मंजूर की
मुख्यमंत्री ने जनपद टिहरी गढ़वाल के विकासखण्ड थौलधार के अंतर्गत कमान्द-थौलधार मोटर मार्ग के 5.410 किलोमीटर पुनर्निर्माण एवं सुधारीकरण कार्य हेतु 3.52 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी। इसी क्रम में, जनपद बागेश्वर के विकासखण्ड गरुड़ में बिनातोली से गरकोट तक मोटर मार्ग निर्माण कार्य हेतु वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 4.01 करोड़ रुपये की राशि को भी मंजूरी दी गई। उन्होंने जनपद पौड़ी गढ़वाल के विधानसभा क्षेत्र श्रीनगर के अंतर्गत विकासखण्ड पाबों में चपलोडी-फल्द्वाड़ी मोटर मार्ग के डामरीकरण एवं सुधारीकरण कार्य हेतु 2.22 करोड़ रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति का अनुमोदन भी प्रदान किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद नैनीताल के विकासखण्ड बेतालघाट में दूनीखाल-रातीघाट पैदल मार्ग के 5.50 किलोमीटर सी०सी० एवं सुधारीकरण कार्य हेतु 4.01 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी। उन्होंने जनपद देहरादून के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-72 (लच्छीवाला) से गुलर स्पोर्ट्स स्टेडियम होते हुए रायपुर (महाराणा प्रताप चौक) तक 04 लेन एक्सेस कंट्रोल कॉरिडोर निर्माण कार्य के लिए 1.03 करोड़ रुपये की राशि को भी मंजूरी प्रदान की। जनपद पौड़ी गढ़वाल के विधानसभा क्षेत्र पौड़ी के अंतर्गत बिल्केदार-गौरीकोट मोटर मार्ग के सुधारीकरण कार्य हेतु 3.67 करोड़ रुपये की स्वीकृति भी मुख्यमंत्री द्वारा प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त, जनपद चमोली, उधमसिंहनगर एवं उत्तरकाशी में पुरुष, महिला, ट्रांसजेंडर एवं दिव्यांगजनों हेतु पृथक शौचालय सुविधाओं के निर्माण के लिए 66.02 लाख रुपये की वित्तीय एवं प्रशासकीय स्वीकृति का अनुमोदन भी मुख्यमंत्री द्वारा प्रदान किया गया।






