
CM DHAMI
उत्तराखंड के चमोली जिले के थराली क्षेत्र में शुक्रवार रात अचानक बादल फटने से भारी तबाही मच गई। तेज बारिश और पहाड़ों से आए मलबे ने बाजार और आसपास के इलाकों को बुरी तरह प्रभावित किया है। कई घर, दुकानें और सरकारी भवन क्षतिग्रस्त हो गए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खुद थराली पहुंचकर हालात का जायजा ले रहे हैं और पीड़ितों से मुलाकात कर रहे हैं।
भारी मलबा आने से मची अफरा-तफरी, कई मकान और दुकानें ढहीं
थराली के टूनरी गदेरे में देर रात बादल फटा, जिससे भारी मात्रा में मलबा बाजार और रिहायशी इलाकों में घुस आया। इस आपदा में 40 से अधिक दुकानें और 20 से ज्यादा मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। एक युवती की मौत हो गई है और एक बुजुर्ग लापता हैं। लगभग 90 परिवारों के 400 से ज्यादा लोग इस आपदा से प्रभावित हुए हैं। कई लोगों ने अपने घर छोड़कर राहत शिविरों में शरण ली है। एसडीएम आवास समेत कई सरकारी इमारतें भी क्षतिग्रस्त हुई हैं।
CM धामी ने किया थराली का दौरा, प्रभावितों से मिले
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार सुबह थराली पहुंचे। उनका हेलीकॉप्टर कुलसारी हेलीपैड पर उतरा, जहां से वे सीधे राहत शिविर पहुंचे और पीड़ितों से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने थराली बाजार और प्रभावित इलाकों का स्थलीय निरीक्षण किया।
सीएम धामी ने कहा, “हमारी पूरी कोशिश है कि सभी पीड़ितों को हर संभव मदद दी जाए। हमने पहले ही तय कर रखा है कि आपदा के समय तेजी से प्रतिक्रिया हो। SDRF, NDRF, स्वास्थ्य और बिजली विभाग मौके पर पहुंच चुके हैं।”
राहत कार्य में जुटी टीमें, मलबे से निकाले गए कई लोग
SDRF, NDRF, पुलिस और प्रशासनिक टीमें राहत-बचाव में लगातार जुटी हुई हैं। कई घायल लोगों को मलबे से निकालकर अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार लोगों की मदद कर रही हैं। राजकीय पॉलिटेक्निक कुलसारी और शहीद भवानीदत्त इंटर कॉलेज चेपड़ो को राहत कैंप बनाया गया है, जहां प्रभावित लोग शरण ले रहे हैं। उन्हें खाने-पीने, दवाइयों और ठहरने की सुविधाएं दी जा रही हैं।
बिजली और सड़क बहाल करने का प्रयास जारी
आपदा के बाद बिजली आपूर्ति ठप हो गई थी, जिसे अब बहाल कर दिया गया है। कई गांवों में मलबा घरों में घुस आया है, जिससे लोग मंदिरों और ऊंची जगहों पर शरण लेने को मजबूर हैं। पीडब्ल्यूडी और बिजली विभाग की टीमें सड़क और अन्य सेवाएं बहाल करने में जुटी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि सड़क मार्ग भी जल्द ही दुरुस्त कर दिया जाएगा ताकि राहत सामग्री समय पर पहुंचाई जा सके।
मुआवजे का ऐलान, हर पीड़ित को मिलेंगे 5 लाख रुपए
सीएम धामी ने आपदा से पूरी तरह क्षतिग्रस्त मकानों के लिए 5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। उन्होंने जिलाधिकारी को निर्देश दिए हैं कि यह राशि तुरंत जारी की जाए। सीएम ने कहा,”जो लोग इस आपदा में अपनी जान गंवा चुके हैं, मैं उनके परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करता हूं और भगवान से प्रार्थना करता हूं कि उन्हें इस दुख की घड़ी में शक्ति दे।”
