पिथौरागढ़: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को भारत-नेपाल सीमा पर स्थित जौलजीबी में ऐतिहासिक मेले का शुभारंभ किया। काली और गोरी नदी के संगम पर आयोजित होने वाला यह मेला सदियों से भारत और नेपाल के बीच सांस्कृतिक और व्यापारिक संबंधों का केंद्र रहा है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के लिए कई विकास परियोजनाओं का ऐलान भी किया।
उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मेला केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि भारत और नेपाल की पारंपरिक मित्रता और socio ecomonic homogeneity का रिफ्लेक्शन है। उन्होंने अपने बचपन की यादें साझा करते हुए बताया कि वह स्वयं भी इस मेले में आते थे। इससे पहले मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय एकता पद यात्रा में भी हिस्सा लिया।
क्षेत्र के लिए कई बड़ी घोषणाएं
मुख्यमंत्री धामी ने इस मौके पर पिथौरागढ़ जिले के लिए कई नई योजनाओं की घोषणा की। इनमें मुनस्यारी ब्लॉक के ग्राम हूपली में झलूड़ी से पल्याती तक सड़क निर्माण, बगीचा से धारचूला कोट ट्रैकिंग मार्ग का विकास और पय्या पौड़ी से नालालेख शिव मंदिर तक ट्रैक रूट का निर्माण शामिल है।
इसके अलावा, कालापानी से दशरथ पर्वत कुण्ड तक एप्रोच रोड, ग्राम सुरिंग में इंटरनल सी.सी. मार्ग और सिमगड़ नदी पर आर.सी.सी. पुलिया व संपर्क मार्ग बनाने का भी ऐलान किया गया। मुख्यमंत्री ने धारचूला में एक सैनिक विश्राम भवन के निर्माण की भी घोषणा की।
‘एक जिला-एक मेला’ से मिलेगी पहचान
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में भारत-नेपाल की मित्रता और अधिक मजबूत हुई है।
“प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तराखंड की रजत जयंती पर कहा था कि राज्य की आत्मा उसके मेलों और त्योहारों में बसती है। उन्होंने राज्य में ‘एक जिला-एक मेला’ कार्यक्रम शुरू करने का आह्वान किया था, ताकि जिले के प्रमुख मेले को विशेष सहयोग देकर उसके सांस्कृतिक और आर्थिक महत्व को बल मिले।” — पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस दिशा में काम कर रही है ताकि स्थानीय संस्कृति और अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिल सके।
पिथौरागढ़ में करोड़ों की परियोजनाएं गतिमान
सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार पिथौरागढ़ जिले के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि जिले में 750 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से मेडिकल कॉलेज का निर्माण हो रहा है। वहीं, 34 करोड़ की लागत से स्पोर्ट्स कॉलेज में आधुनिक मल्टीपर्पज हॉल बनाया गया है।
उन्होंने आगे बताया कि बेरीनाग में लगभग 28 करोड़ की लागत से स्टेडियम का निर्माण जल्द शुरू होगा और मेडिकल कॉलेज में 21 करोड़ से 50-बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक भी बनाया जा रहा है। जिले में कनेक्टिविटी को बेहतर करने के लिए 25 करोड़ की लागत से अस्कोट, गंगोलीहाट और धारचूला में नए बस स्टेशन बनाए जा रहे हैं। साथ ही, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 327 करोड़ से अधिक की लागत से सड़कों का निर्माण कार्य जारी है।
मुख्यमंत्री ने नैनी सैनी एयरपोर्ट के विस्तारीकरण का जिक्र करते हुए कहा कि इसके लिए 450 करोड़ रुपये स्वीकृत किए जा चुके हैं और भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार पारदर्शी तरीके से सरकारी भर्तियां कर रही है और युवाओं को रोजगार व स्वरोजगार के माध्यम से आगे बढ़ा रही है।






