युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की मिलेगी निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग, सीएम धामी जल्द करेंगे ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना-2026’ का शुभारंभ

सीएम पुष्कर सिंह धामी जल्द ही ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना-2026’ का शुभारंभ करने जा रहे हैं। इस योजना का मुख्य उद्देश्य उत्तराखंड के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए नि:शुल्क ऑनलाइन कोचिंग और मार्गदर्शन प्रदान करना है।
CM Pushkar Singh Dhami

देहरादून: उत्तराखंड के युवाओं के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को आसान और बेहतर बनाने की दिशा में राज्य सरकार एक बड़ा कदम उठाने जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मंजूरी के बाद ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना-2026’ अब जल्द ही धरातल पर उतरने वाली है। योजना का मुख्यमंत्री धामी शीघ्र ही विधिवत शुभारंभ करेंगे। जिसके बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को इसका लाभ मिल सकेगा।

बता दें कि राज्य के युवाओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन एवं अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने तथा इस दिशा में एक समर्पित योजना शुरू करने का निर्णय लिया गया था। इसी निर्णय के क्रम में मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना-2026 को मंजूरी दी गई है।

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मिलेगी निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग

इस महत्वपूर्ण योजना के तहत राज्य के विश्वविद्यालयों तथा शासकीय एवं अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी। बता दें कि इसमें सिविल सर्विसेज (UPSC/PSC), रक्षा सेवाओं (CDS), बैंकिंग, रेलवे, SSC सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं तथा प्रतिष्ठित उच्च शिक्षण संस्थानों में प्रवेश और पात्रता निर्धारण के लिए आयोजित होने वाली CAT, MAT, GATE, NET और CSIR-NET जैसी परीक्षाओं की तैयारी शामिल है।

युवाओं को घर बैठे मिलेगी नि:शुल्क ऑनलाइन कोचिंग और मार्गदर्शन

योजना के माध्यम से राज्य के युवाओं को घर बैठे गुणवत्तापूर्ण कोचिंग और मार्गदर्शन उपलब्ध हो सकेगा। विशेष रूप से दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में अध्ययन कर रहे विद्यार्थियों के लिए यह पहल महत्वपूर्ण साबित होगी। इससे आर्थिक संसाधनों की कमी के कारण महंगी कोचिंग का लाभ नहीं उठा पाने वाले विद्यार्थियों को भी प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी का अवसर मिलेगा।

कब होगा योजना का शुभारंभ?

बता दें कि मुख्यमंत्री धामी द्वारा योजना के विधिवत शुभारंभ के लिए जल्द ही तिथि निर्धारित की जाएगी। शुभारंभ के साथ ही योजना के तहत विद्यार्थियों को ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराने की प्रक्रिया प्रारंभ होगी।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews