“उत्तराखंड के युवा बनें प्रदेश के डिजिटल ब्रांड एम्बेसडर..” फेक नैरेटिव और भ्रामक सूचनाओं से रहें सतर्क, हल्द्वानी में आयोजित कार्यक्रम में बोले CM धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी में “सोशल मीडिया मंथन विथ सीएम धामी” कार्यक्रम में युवाओं से संवाद किया। इस दौरन उन्होंने सोशल मीडिया के महत्व पर भी प्रकाश डाला। इसके अलावा उपस्थित युवाओं ने मुख्यमंत्री से सवाल भी पूछे।
CM Pushkar Singh Dhami

हल्द्वानी: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार, 25 मई 2026 को हल्द्वानी में आयोजित “सोशल मीडिया मंथन विथ सीएम धामी” कार्यक्रम में सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स, कंटेंट क्रिएटर्स और युवाओं से संवाद किया। इस अवसर पर युवाओं ने सोशल मीडिया, उत्तराखंड के विकास, रोजगार, संस्कृति, राष्ट्रवाद और युवा शक्ति की भूमिका जैसे विभिन्न विषयों पर मुख्यमंत्री से सवाल पूछे। मुख्यमंत्री धामी ने सभी सवालों का बेबाकी, स्पष्टता और आत्मीयता के साथ जवाब दिया।

सीएम धामी ने संबोधित करते हुए कहा कि सोशल मीडिया के महत्व पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं रह गया है, बल्कि यह समाज को जागरूक करने, सकारात्मक परिवर्तन लाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का एक प्रभावशाली मंच बन चुका है। उन्होंने कहा कि आज का युवा डिजिटल माध्यमों के जरिए अपनी आवाज पूरी दुनिया तक पहुंचाने की क्षमता रखता है और उत्तराखंड के युवाओं में प्रतिभा एवं नवाचार की अपार संभावनाएं मौजूद हैं।

फेक नैरेटिव और भ्रामक सूचनाओं से सतर्क रहने की जरूरत

सीएम धामी ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि सोशल मीडिया का उपयोग सकारात्मक सोच, सत्य और समाजहित के लिए किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि फेक नैरेटिव, भ्रामक सूचनाओं और समाज को बांटने वाली ताकतों से सतर्क रहने की आवश्यकता है। सोशल मीडिया पर जिम्मेदार व्यवहार करते हुए तथ्यपरक और सकारात्मक जानकारी साझा करना आज प्रत्येक युवा की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया को जनसंवाद का सशक्त माध्यम बनाया: सीएम धामी

सीएम धामी ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया को जनसंवाद के रूप में सशक्त माध्यम बनाया है। इतना ही नहीं उन्होंने लगातार युवाओं से सीधे संवाद स्थापित कर राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनने के लिए जागरूक किया है। इसी भावना के साथ आज उत्तराखंड सरकार भी युवाओं को आगे बढ़ाने, रोजगार एवं स्वारोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए हर क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है।

कार्यक्रम के दौरान सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स और कंटेंट क्रिएटर्स ने भी मुख्यमंत्री के समक्ष अपने सुझाव और अनुभव शेयर किया। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार युवाओं के सुझावों और उनकी सकारात्मक सहभागिता का सदैव स्वागत करती है। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि डिजिटल इंडिया के इस दौर में उत्तराखंड के युवा प्रदेश के ब्रांड एम्बेसडर बनकर राज्य की सकारात्मक छवि को देश और दुनिया के सामने प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करें।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews