CM पुष्कर सिंह धामी ने की उत्तराखंड स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की समीक्षा, बोले – ‘गुणवत्ता से नहीं होगा समझौता, आधुनिक खेल सुविधाओं पर रहेगा फोकस’

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गौलापार में निर्माणाधीन उत्तराखंड स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की समीक्षा की। वहीं अधिकारियों को तय समय-सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
उत्तराखंड स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की समीक्षा के दौरान बोले CM पुष्कर सिंह धामी, कहा - 'गुणवत्ता से नहीं होगा समझौता, आधुनिक खेल सुविधाओं पर रहेगा फोकस'

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में गौलापार (नैनीताल) में निर्माणाधीन उत्तराखंड स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी परियोजना की समीक्षा की। इस दौरान खेल विभाग ने विश्वविद्यालय परिसर में बन रहे शैक्षणिक भवनों, खेल अवसंरचना, प्रशिक्षण केंद्रों, छात्रावासों, स्पोर्ट्स साइंस सेंटर और अन्य निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी दी।

दरअसल मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य तय समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल एक विश्वविद्यालय नहीं, बल्कि उत्तराखंड के खेल भविष्य को नई दिशा देने वाला एक महत्वपूर्ण संस्थान है।

विश्वस्तरीय खेल सुविधाओं पर रहेगा जोर

वहीं इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का विकास राज्य की नई खेल नीति, खेल विजन और लिगेसी प्लान के अनुरूप किया जाए। यहां अंतरराष्ट्रीय मानकों के खेल मैदान, इनडोर और आउटडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, स्पोर्ट्स साइंस एवं स्पोर्ट्स मेडिसिन सेंटर, हाई-परफॉर्मेंस ट्रेनिंग सेंटर और खेल अनुसंधान से जुड़ी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएं।

दरअसल उन्होंने कहा कि यह विश्वविद्यालय खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, खेल वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं को विश्वस्तरीय अवसर उपलब्ध कराएगा। साथ ही युवाओं के लिए खेल शिक्षा, प्रशिक्षण और रोजगार के नए अवसर भी सृजित करेगा।

खेल संस्कृति को बढ़ावा देने पर सरकार का फोकस

वहीं सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने की दिशा में लगातार काम कर रही है। जिला और ब्लॉक स्तर तक खेल सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, उपकरण, पोषण और प्रतियोगिताओं में भागीदारी के लिए भी हरसंभव सहयोग दिया जा रहा है।

दरअसल सीएम धामी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल पदक जीतना नहीं, बल्कि खेल संस्कृति को बढ़ावा देना, युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित करना और खेलों को शिक्षा, कौशल तथा रोजगार से जोड़ना है। इसी सोच के साथ राज्य में दीर्घकालिक खेल पारिस्थितिकी तंत्र विकसित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को परियोजना की नियमित समीक्षा करने, निर्माण कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने, तकनीकी मानकों का सख्ती से पालन करने और सभी कार्य तय समय-सीमा में पूरे करने के निर्देश दिए। बैठक में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा और खेल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews