उत्तराखंड में विकास को मिली नई उड़ान, मुख्यमंत्री धामी ने विभिन्न योजनाओं के लिए 38 करोड़ रुपये किए मंजूर, पढ़ें खबर

उत्तराखंड में विकास की गति को बढ़ाने की दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न योजनाओं के खर्च के लिए 38 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। इसके साथ ही अधिकारियों को सख्त निर्देश भी दिए हैं।
Uttarakhand CM Pushkar Singh Dhami

उत्तराखंड में विकास की गति निरंतर ही बढ़ती जा रही है। निर्माणाधीन परियोजनाओं में किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो इसलिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समय-समय पर वित्तीय सहायता भी जारी करते रहते हैं। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री धामी ने राज्य में संचालित पेयजल, पर्यटन, सिंचाई योजनाओं के क्रियान्वयन एवं पौड़ी गढ़वाल जिले में राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) अकादमी स्थापना के लिये 38 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता राशि को मंजूरी दे दी है।

बता दें कि मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा सीएम धामी द्वारा मंजूर की गई वित्तिय सहायता राशि की जानकारी भी साझा की गई है। मुख्यमंत्री ने नाबार्ड वित्तपोषण के अंतर्गत चमोली एवं अल्मोड़ा जनपदों में सिंचाई विभाग की 5 योजनाओं के लिए 12.83 करोड़ रुपये सहित सिंचाई विभाग की 7 अन्य योजनाओं के लिए 15.06 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की है।

पौड़ी में एनसीसी अकादमी स्थापना के लिए पहली किस्त जारी

इसके अलावा, मुख्यमंत्री द्वारा जनपद चम्पावत के विभिन्न स्थानों पर 50 हैंडपंप तथा 31 सोलर पैनलों की स्थापना के लिये 3.98 करोड़ रुपये, जनपद नैनीताल स्थित पर्यटक आवास गृह मुक्तेश्वर के उच्चीकरण कार्य के लिए 4.96 करोड़ रुपये की राशि के साथ ही जनपद पौड़ी में एनसीसी अकादमी की स्थापना के लिए संशोधित लागत 50.00 करोड़ रुपये के सापेक्ष पहली किस्त के रूप में 1 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।

पेंशनरों का डीआर बढ़ाने को मिली मंजूरी

मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार के पांचवें एवं छठवें केन्द्रीय वेतन आयोग की सिफारिश के अनुसार लागू वेतन बैंड एवं ग्रेड वेतन में पेंशन प्राप्त कर रहे सिविल एवं पारिवारिक पेंशनरों के लिए महंगाई राहत की दरों में वृद्धि करते हुए 1 जनवरी 2026 से पांचवें वेतनमान के पेंशनरों के लिए महंगाई राहत 474% से बढ़ाकर 484% तथा छठवें वेतनमान के पेंशनरों के लिए 257% से बढ़ाकर 262% प्रतिमाह किये जाने की स्वीकृति दी है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दिए निर्देश

साथ ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास, आधारभूत संरचना को मजबूत बनाने, पर्यटन को बढ़ावा देने, किसानों के हितों के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी स्वीकृत योजनाओं का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण हों।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews