
Mere Sapno Ka Uttarakhand
उत्तराखंड के भविष्य को लेकर स्कूली विद्यार्थियों से उनके विचार मांगने के लिए शुरू किए गए ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान में अब तक 35 हजार से ज्यादा निबंध पोर्टल पर अपलोड हो चुके हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 10 अगस्त को 11वीं और 12वीं के करीब तीन लाख विद्यार्थियों से ऑनलाइन संवाद कर उन्हें इस अभियान से जुड़ने के लिए कहा था।
विद्यार्थी पर्यटन, रोजगार, सामाजिक विकास, वन एवं पर्यावरण, शिक्षा, स्वास्थ्य और तकनीक सहित आठ विषयों पर अपने सुझाव और उत्तराखंड को लेकर अपना विजन साझा कर रहे हैं। इसके लिए ‘सीएम विद्यार्थी मंथन डॉट कॉम’ पोर्टल पर निबंध अपलोड किए जा रहे हैं।
140 श्रेष्ठ विचारों का होगा चयन
अभियान में मिले निबंधों में से 140 श्रेष्ठ विचारों का चयन किया जाएगा। इन विचारों को लिखने वाले विद्यार्थियों को शासन के सचिवों के साथ चर्चा करने का मौका मिलेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी इन विद्यार्थियों के साथ संवाद कर उनके विचार और अनुभव जानेंगे।
सरकार की योजना विद्यार्थियों से मिले उपयोगी सुझावों को राज्य की नीतियों में जगह देने की भी है। श्रेष्ठ विद्यार्थियों को उनके करियर और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मदद के लिए स्कॉलरशिप देने के साथ अन्य पुरस्कार देने की बात भी कही गई है।
निबंध अपलोड करते ही मिल रहा प्रमाण पत्र
अभियान के संयोजक डॉ. राहुल अग्रवाल के मुताबिक सरकारी और निजी दोनों तरह के स्कूलों के विद्यार्थी इसमें हिस्सा ले रहे हैं। पोर्टल पर निबंध अपलोड करने के बाद विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र भी मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि अभियान में Gen Z और Gen Alpha दोनों पीढ़ियों के विद्यार्थी हिस्सा ले रहे हैं और राज्य के अलग-अलग हिस्सों से लगातार निबंध आ रहे हैं।
24 अगस्त तक भेज सकते हैं निबंध
विद्यार्थियों के पास अभियान में शामिल होने के लिए 24 अगस्त तक का समय है। इस तारीख तक अपने विचार निबंध के रूप में पोर्टल पर अपलोड किए जा सकते हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी अभियान की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। सरकार का फोकस विद्यार्थियों के ऐसे विचारों को सामने लाने पर है, जो भविष्य के उत्तराखंड की योजनाओं और नीतियों में उपयोगी साबित हो सकें।
पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

