उत्तराखंड को अमित शाह और सीएम धामी की 1475 करोड़ रुपये की बड़ी सौगात, 62 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास

उत्तराखंड राज्योत्सव में 44 नई योजनाओं का शिलान्यास एवं 18 का लोकार्पण, हरिद्वार कुंभ 2027 की तैयारियों के साथ साइबर उत्कृष्टता केंद्र, डेयरी प्लांट और पर्यटन से जुड़े कार्य शामिल
Amit Shah Pushkar Singh Dhami inaugurate development projects

Amit Shah Pushkar Singh Dhami inaugurate development projects

उत्तराखंड राज्योत्सव के पहले दिन शुक्रवार को प्रदेश को 1475 करोड़ रुपये की 62 विकास योजनाओं की सौगात मिली। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में 44 नई योजनाओं का शिलान्यास और 18 योजनाओं का लोकार्पण किया। इन योजनाओं में हरिद्वार में कुंभ मेला 2027 की तैयारियों से लेकर बिजली, पेयजल, सड़क, शिक्षा, पर्यटन और स्वास्थ्य से जुड़े कई महत्वपूर्ण काम शामिल हैं। देहरादून में साइबर उत्कृष्टता केंद्र, हल्द्वानी में फायर स्टेशन के आवासीय भवन और सितारगंज में डेयरी प्लांट का निर्माण भी किया जाएगा।

हरिद्वार कुंभ 2027 की तैयारियों को मिलेगी गति

अगले साल हरिद्वार में होने वाले कुंभ मेले को देखते हुए सड़क, पुल और दूसरी जरूरी सुविधाओं से जुड़े काम भी इन योजनाओं का हिस्सा हैं। लोक निर्माण और शहरी विकास विभाग की कई परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया है। इन कार्यों के जरिए हरिद्वार सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में सड़क और शहरी सुविधाओं को बेहतर बनाने की तैयारी है।

उत्तराखंड के बिजली और पेयजल नेटवर्क से जुड़ी योजनाओं को भी कार्यक्रम में शामिल किया गया। ऊर्जा विभाग की 20 नई परियोजनाओं का शिलान्यास और तीन का लोकार्पण हुआ। पेयजल निगम की आठ नई योजनाओं की आधारशिला रखी गई, जबकि पांच योजनाओं का लोकार्पण किया गया। जल संस्थान की दो नई परियोजनाओं पर भी काम होगा। इन योजनाओं का उद्देश्य प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में बिजली और पानी की आपूर्ति को बेहतर बनाना है।

देहरादून में साइबर उत्कृष्टता केंद्र, हल्द्वानी में फायर स्टेशन के आवास

गृह विभाग की योजनाओं के तहत देहरादून में साइबर उत्कृष्टता केंद्र बनाया जाएगा। इसके लिए 31 करोड़ रुपये से अधिक की राशि रखी गई है। हल्द्वानी में फायर स्टेशन के कर्मचारियों के लिए आवासीय भवनों का निर्माण होगा। इन दोनों परियोजनाओं का शुक्रवार को शिलान्यास किया गया।

सितारगंज में डेयरी विकास से जुड़ी नई परियोजना भी शुरू की जाएगी। यहां मिल्क पाउडर प्लांट, आइसक्रीम प्लांट और बेकरी यूनिट का निर्माण प्रस्तावित है। इससे दूध से तैयार होने वाले अलग-अलग उत्पादों के उत्पादन के लिए सुविधाएं विकसित होंगी।

हेमकुंड साहिब रोपवे और टिहरी की पर्यटन परियोजनाएं भी शामिल

पर्यटन के क्षेत्र में टिहरी की डोबरा-चांठी पार्क परियोजना और श्री हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजना के लिए बिजली आपूर्ति से जुड़े कार्यों का शिलान्यास किया गया है। इन कार्यों को पर्यटन से जुड़ी सुविधाओं के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

शिक्षा के क्षेत्र में नई टिहरी के राजकीय पॉलिटेक्निक में भवन निर्माण से संबंधित कार्य शामिल हैं। रुद्रप्रयाग जिले के अगस्त्यमुनि स्थित राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में पीजी ब्लॉक का निर्माण किया जाएगा। तकनीकी शिक्षा विभाग की तीन परियोजनाओं का लोकार्पण भी हुआ है।

चिकित्सा शिक्षा विभाग की दो योजनाओं का लोकार्पण किया गया। इसके साथ ही आवास, गन्ना विकास और चीनी उद्योग से जुड़ी परियोजनाओं को भी कार्यक्रम में शामिल किया गया है।

उत्तराखंड में 6 से 13 नवंबर तक राज्योत्सव के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। शुक्रवार को जिन 62 योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ, उनमें 18 परियोजनाओं का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि 44 नई परियोजनाओं पर काम किया जाना है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews