उत्तराखंड: मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने की मेगा प्रोजेक्ट्स की समीक्षा, निर्माण कार्यों को तय समय में पूरा करने पर जोर, विभागों को दिए निर्देश

उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने शुक्रवार को सचिवालय में मेगा प्रोजेक्ट्स की समीक्षा की। बैठक में मुख्य सचिव ने विभागों को मासिक-त्रैमासिक लक्ष्य तय कर निर्माण कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
Uttarakhand News

देहरादून: उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने शुक्रवार को सचिवालय में प्रदेश के मेगा प्रोजेक्ट्स की समीक्षा बैठक की। उन्होंने सभी विभागों को मासिक और त्रैमासिक लक्ष्य तय कर बड़े निर्माण कार्य समय पर पूरा करने और उनकी नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।

बैठक में ऊर्जा विभाग के तहत उत्तराखंड जल विद्युत निगम, पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन और यूपीसीएल की परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने बिजली वितरण में लॉस कम करने के कार्यों और वाइब्रेंट विलेज विद्युतीकरण परियोजनाओं के लिए भी तय समयसीमा के भीतर काम पूरा करने को कहा।

हरिद्वार मेडिकल कॉलेज के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश

उन्होंने रुद्रपुर और पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेजों का निर्माण जल्द पूरा कर कक्षाएं शुरू करने तथा हरिद्वार मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके अलावा शारदा घाट परियोजना में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए कार्यदायी संस्था को मजबूत करने की बात कही।

ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर के काम में तेजी के निर्देश

मुख्य सचिव ने कुंभ-2027 को ध्यान में रखते हुए ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर का काम चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने और दिसंबर 2026 तक जितना संभव हो सके, उतना कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही महिला एवं बाल विकास विभाग के तहत बन रहे कामकाजी महिला छात्रावासों के संचालन के लिए भी जल्द व्यवस्था तैयार करने को कहा।

बैठक में प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुन्दरम, विशेष प्रमुख सचिव अमित कुमार सिन्हा, सचिव नितेश कुमार झा, दिलीप जावलकर, चंद्रेश कुमार यादव, सी. रविशंकर, विनोद कुमार सुमन समेत विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews