उत्तराखंड में विकास कार्यों के लिए 190 करोड़ रुपये मंजूर, पिथौरागढ़ में बनेगा 12 MW का हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट

उत्तराखंड में बिजली, सड़क, पर्यटन और पुलिस से जुड़े विकास कार्यों के लिए करीब 190 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। साथ ही राज्य की पुलिस के लिए 75 नए वाहन खरीदने को भी स्वीकृति दी गई है।
Uttarakhand CM Pushkar Singh Dhami

देहरादून: उत्तराखंड में बिजली, सड़क, पर्यटन और पुलिस से जुड़े अलग-अलग कामों के लिए करीब 190 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इसमें सबसे बड़ी राशि पिथौरागढ़ में बनने वाले 12 मेगावाट के तांकुल हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट के लिए रखी गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस परियोजना के लिए 159.60 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है।

इसके अलावा टिहरी, देहरादून और पौड़ी गढ़वाल में सड़कों और पुल से जुड़े काम होंगे। वहीं उत्तराखंड पुलिस के बेड़े में 75 नए वाहन भी शामिल किए जाएंगे।

चौकोड़ी पर्यटक आवास गृह पर खर्च होंगे 4.75 करोड़

पिथौरागढ़ के चौकोड़ी पर्यटक आवास गृह को अपग्रेड करने और उसका विस्तार करने के लिए 4.75 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इससे यहां पर्यटकों के लिए मौजूदा सुविधाओं को बेहतर किया जाएगा।

टिहरी और देहरादून में सड़कों पर होगा काम

टिहरी गढ़वाल की धनोल्टी विधानसभा के जौनपुर क्षेत्र में सौड़ी लग्गा क्यारी मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण और मजबूती के लिए 3.25 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। देहरादून की सहसपुर विधानसभा में झींवरेड़ी के सुमेरू विहार के साथ सुद्धोवाला, सेलाकुई, उम्मेदपुर, अम्बीवाला, ठाकुरपुर और खुशालपुर की खराब आंतरिक सड़कों की मरम्मत और इंटरलॉकिंग टाइल्स के काम के लिए 4.23 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।

पौड़ी में सड़क, कोटद्वार में बनेगा डबल लेन पुल

पौड़ी विधानसभा के कल्जीखाल क्षेत्र में कांसखेत-अस्गड-घंडियाल धार-अलासु-कुनकुली मोटर मार्ग के किलोमीटर 13 से 17 के बीच सुधार के लिए 3.45 करोड़ रुपये खर्च होंगे। वहीं कोटद्वार के गब्बर सिंह कैंप में 36 मीटर स्पान का डबल लेन पुल बनाया जाएगा। इसके लिए 3.31 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।

उत्तराखंड पुलिस को मिलेंगे 75 नए वाहन

उत्तराखंड पुलिस के लिए 75 नए वाहन खरीदने की भी मंजूरी दी गई है। इनमें 21 स्कॉर्पियो, 26 बोलेरो, अलग-अलग क्षमता की 20 बसें और 8 ट्रक शामिल हैं। इसके अलावा वित्तीय वर्ष 2025-26 के पांच दंगा नियंत्रण एवं जैमर वाहनों का 68.01 लाख रुपये का बकाया भुगतान भी किया जाएगा। पुलिस के वाहनों और इस भुगतान को मिलाकर कुल 12 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews