Uttarakhand Roads: मानसून खत्म होते ही युद्धस्तर पर सुधरेंगी सड़कें, CM धामी के निर्देश- अभी पूरी करें टेंडर प्रक्रिया, अक्टूबर से खुद करेंगे निरीक्षण

कैबिनेट में प्रदेशभर की सड़कों की स्थिति पर मंथन, PMGSY की अनुरक्षण अवधि पूरी कर चुकी पुरानी सड़कों और शहरी क्षेत्रों की सड़कों के लिए धनराशि उपलब्ध कराने पर चर्चा
Uttarakhand Cabinet Meeting

Uttarakhand Cabinet Meeting

उत्तराखंड में बारिश के कारण खराब हुई सड़कों को मानसून के बाद युद्धस्तर पर दुरुस्त करने की तैयारी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में प्रदेश की सड़कों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने साफ किया कि मानसून खत्म होने का इंतजार कर तैयारियां शुरू नहीं की जाएं, बल्कि विभाग अभी से टेंडर सहित जरूरी प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि बारिश थमते ही पूरे प्रदेश में एक साथ सड़क सुधार का काम शुरू किया जा सके।

कैबिनेट बैठक में शहरों से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक की सड़कों को सुधारने पर चर्चा हुई। इसमें लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना सहित अलग-अलग विभागों और संस्थाओं के अधीन आने वाली सड़कों के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया गया।

पुरानी PMGSY सड़कों के लिए राज्य सरकार देगी राशि

बैठक में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी उन पुरानी सड़कों का मुद्दा भी उठा, जिनकी अनुरक्षण अवधि खत्म हो चुकी है और नियमित रखरखाव नहीं हो पा रहा है। ऐसी सड़कों की मरम्मत के लिए राज्य सरकार की ओर से जरूरी धनराशि उपलब्ध कराने पर विचार-विमर्श किया गया।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि सड़क सुधार की तैयारियां इस तरह की जाएं कि मानसून समाप्त होते ही काम शुरू करने में टेंडर या दूसरी विभागीय प्रक्रियाओं के कारण देरी न हो।

नगर निकायों को भी सड़क सुधार के लिए मिलेगा पैसा

सड़क सुधार अभियान केवल PWD और ग्रामीण क्षेत्रों तक सीमित नहीं रहेगा। नगर निगम, नगर पालिका परिषद और नगर पंचायत क्षेत्रों की खराब सड़कों को दुरुस्त करने के लिए स्थानीय निकायों को आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराने पर भी कैबिनेट में चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने शहरी क्षेत्रों की सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर ठीक करने के लिए निकायों को जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने को कहा है।

अक्टूबर से सड़क मार्ग से प्रदेश का दौरा करेंगे CM धामी

सड़क सुधार को लेकर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को एक तरह से समय सीमा भी दे दी है। सीएम धामी ने कहा कि अक्टूबर से वे प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों का सड़क मार्ग से भ्रमण करेंगे।

उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ ठोस कार्ययोजना तैयार कर समयबद्ध तरीके से काम करने के निर्देश दिए। सरकार का फोकस मानसून के बाद शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में सड़कों की स्थिति सुधारने और आवागमन को बेहतर बनाने पर रहेगा।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews