Uttarakhand Weather: 14 से 17 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट, सभी जिलों को किया गया सतर्क

देहरादून-नैनीताल समेत कई जिलों में अलग-अलग दिन ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पहाड़ों पर भूस्खलन और नदियों का जलस्तर बढ़ने का खतरा है। 
mp Weather

उत्तराखंड में बारिश का दौर अभी थमने वाला नहीं है। मौसम विभाग ने 14 से 17 अगस्त के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। कुछ इलाकों में बारिश बेहद तेज हो सकती है, जबकि आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद सभी जिलों को अलर्ट कर दिया गया है। खासतौर पर भूस्खलन की आशंका वाले इलाकों, नदी-नालों और दूसरे संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर रखने को कहा गया है।

मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून की ओर से 13 अगस्त को जारी पूर्वानुमान के बाद राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने जिलाधिकारियों और संबंधित विभागों से कहा है कि भारी बारिश की स्थिति में राहत और बचाव के इंतजाम पहले से तैयार रखें।

14 अगस्त: चार जिलों में ऑरेंज अलर्ट

14 अगस्त को देहरादून, पिथौरागढ़, बागेश्वर और नैनीताल में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। इन जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। गरज-चमक के साथ कुछ जगह बेहद तेज बारिश का दौर भी देखने को मिल सकता है।

चम्पावत, टिहरी, पौड़ी, चमोली, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में भारी बारिश की संभावना है। अन्य जिलों में भी तेज बारिश और गरज-चमक को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

15 अगस्त: पूरे उत्तराखंड में येलो अलर्ट

स्वतंत्रता दिवस यानी 15 अगस्त को पूरे प्रदेश में येलो अलर्ट रहेगा। देहरादून, टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, नैनीताल, चम्पावत और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। पहाड़ी जिलों में आकाशीय बिजली के साथ तेज बारिश की आशंका है। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में भी गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।

16 अगस्त: नैनीताल समेत तीन जिलों में ऑरेंज अलर्ट

16 अगस्त को चम्पावत, बागेश्वर और नैनीताल में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। यहां भारी से बहुत भारी बारिश के साथ कुछ स्थानों पर बेहद तेज बारिश हो सकती है।देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, चमोली, ऊधमसिंह नगर, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में भी कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। कई दूसरे जिलों में तेज बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर येलो अलर्ट रहेगा।

17 अगस्त: देहरादून और टिहरी में भारी बारिश की चेतावनी

17 अगस्त को देहरादून और टिहरी में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। दोनों जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान आकाशीय बिजली और बेहद तेज बारिश का दौर भी देखने को मिल सकता है। बाकी जिलों में भारी बारिश और गरज-चमक के साथ तेज बारिश की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट रहेगा।

यात्रा से पहले मौसम की जानकारी लेने की सलाह

आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान गैरजरूरी यात्रा से बचने की अपील की है। खासतौर पर पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और चट्टान गिरने वाले स्थानों से दूर रहने को कहा गया है।

लोगों को नदी-नालों और तेज बहाव वाली जलधाराओं के पास नहीं जाने की सलाह दी गई है। बारिश के दौरान पहाड़ों पर सड़कें बंद होने, जलभराव और नदियों का जलस्तर अचानक बढ़ने जैसी स्थिति बन सकती है। आकाशीय बिजली के समय खुले स्थान या पेड़ के नीचे खड़े होने के बजाय सुरक्षित पक्के भवन में रहने की सलाह दी गई है।

Manisha Kumari Pandey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता जनकल्याण का माध्यम है। एक पत्रकार का काम नई जानकारी को उजागर करना और उस जानकारी को एक संदर्भ में रखना है। ताकि उस जानकारी का इस्तेमाल मानव की स्थिति को सुधारने में हो सकें। देश और दुनिया धीरे–धीरे बदल रही है। आधुनिक जनसंपर्क का विस्तार भी हो रहा है। लेकिन एक पत्रकार का किरदार वैसा ही जैसे आजादी के पहले था। समाज के मुद्दों को समाज तक पहुंचाना। स्वयं के लाभ को न देख सेवा को प्राथमिकता देना यही पत्रकारिता है। अच्छी पत्रकारिता बेहतर दुनिया बनाने की क्षमता रखती है। इसलिए भारतीय संविधान में पत्रकारिता को चौथा स्तंभ बताया गया है। हेनरी ल्यूस ने कहा है, " प्रकाशन एक व्यवसाय है, लेकिन पत्रकारिता कभी व्यवसाय नहीं थी और आज भी नहीं है और न ही यह कोई पेशा है।" पत्रकारिता समाजसेवा है और मुझे गर्व है कि "मैं एक पत्रकार हूं।" View all posts by Manisha Kumari Pandey →
Follow Us :GoogleNews