इंडिगो फ्लाइट पैसेंजर को मिली बिना कुशन की सीट, केबिन क्रू का गैर जिम्मेदाराना रवैया

Flight Seat

Social Media Viral : हवाई जहाज का सफर आज बहुत सारे लोगों के लिए सामान्य बात हो गई है। एक समय था तब आम मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए फ्लाइट से ट्रैवल करना किसी सपने की तरह हुआ करता था। लेकिन समय के साथ अब हवाई सफर करने वालों की तादाद में खासा इज़ाफ़ा हुआ है। फिर भी फ्लाइट की टिकट आम तौर पर रेल टिकट के मुकाबले महंगी होती है, इसमें दो राय नहीं। लेकिन क्या आप जितने पैसे चुकाते हैं, उतनी सुविधा मिल पाती है।

हवाई सफर के साइड इफेक्ट

इन दिनों आप किसी भी बड़े एयरपोर्ट पर चले जाइए, वहां की भीड़ और किसी बस स्टैंड की भीड़ में ज्यादा अंतर नजर नहीं आएगा। अपनी अपनी फ्लाइट के इंतजार में लोग टिकट पर दिए गए गेट नंबर के सामने घंटों बैठे रहते हैं। कई बार तो भीड़ इतनी ज्यादा हो जाती है कि बैठने की जगह भी नहीं मिलती। दिल्ली मुंबई में तो ये नजारा आम है। और अगर एयरपोर्ट पर या फ्लाइट में आपको भूख लग गई तो खाने के लिए कई गुना कीमत चुकानी पड़ती है। पानी की बोतल तक चार से छह गुना महंगी मिलती है।

सीट से गायब कुशन

ये तो हुई वहां उपलब्ध सुविधाओं की बात..लेकिन जब आपने अच्छे खासे पैसे देकर फ्लाइट का टिकट खरीदा है तो कम से कम वहां एक बैठने लायक सीट तो मिलनी चाहिए। इसका हकदार तो हर पैसेंजर है। लेकिन आज हम आपके लिए जो तस्वीर लेकर आए हैं, वो देखकर आप चौंक जाएंगे। ये फोटो सुब्रत पटनायक (Subrat Patnaik) नाम के शख्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर की है। इसमें इंडिगो फ्लाइट 6E-6798 की एक सीट नजर आ रही है, जिसपर कुशन ही नहीं है। ये पिछले हफ्ते पुणे से नागपुर की फ्लाइट है और जानकारी के मुताबिक ये सीट सुब्रत पटनायक की पत्नी सागरिका को मिली थी। जब वो यहां पहुंची तो इसे देखकर चौंक गई। इसकी शिकायत करने पर उनसे केबिन क्रू ने ये तक कह दिया कि कुशन आसपास गिरा होगा, वे ढूंढ लें। इस गैर जिम्मेदाराना रवैये को लेकर जब सुब्रत पटनायक ने ट्वीट किया तो इंडिगो ने अपने आधिकारिक X हैंडल से इस घटना पर अफसोस जताते हुए कहा है कि ‘कई बार सीट कुशन वेल्क्रो से अलग हो जाता है। इसे हमारे दल की सहायता से पुनः स्थापित किया जा सकता है।’ लेकिन ताज्जुब की बात है कि इस फ्लाइट में ये कुशन हटी हुई सीट न तो क्लिनिंग स्टाफ को दिखी न ही फ्लाइट अटेंडेंट को। अब इस पोस्ट पर कई और लोग भी अलग अलग एयरलाइंस के साथ हुए खराब एक्सपीरियंस शेयर कर रहे हैं।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews