
Viral video : इस संसार की सुंदरतम चीजों में एक है संगीत। जीवन के हर भाव को व्यक्त करने की खूबी है संगीत में। हम बचपन से अलग अलग तरह के गीत सुनते हुए बड़े होते हैं। इसीलिए कुछ आवाज़ें हमारे ज़हन में सुंदर स्मृतियों की तरह बस जाती हैं। फिर चाहें वो शास्त्रीय संगीत हो, लोक संगीत या फिल्मी गीत ही क्यों न हों।
नए गीत को मिली पुरानी आवाज़
बात करें बॉलीवुड की तो मोहम्मद रफी और किशोर कुमार..आवाज़ की दुनिया के ये दो ऐसे महान कलाकार हैं जिनके गाए गीत बरसों बरस तक अमर रहेंगे। आज भले ये इस दुनिया में नहीं हैं लेकिन अपने गीतों के ज़रिए वो हमेशा के लिए हमारी स्मृतियों में बसे हुए हैं। और खास बात ये कि सिर्फ पुराने लोग ही नहीं, बल्कि युवा पीढ़ी भी इनके गाए गीतों का मूल्य बखूबी समझती है। उनके गीतों को न जाने कितने नए कलाकारों ने अपनी आवाज़ दी है। वहीं कई बार ये खयाल भी आता है कि आजकल जिस तरह का संगीत बन रहा है, उन्हें अगर मोहम्मद रफी या किशोर कुमार की आवाज़ मिल जाती तो वो नगमें कैसे सुनाई देते।
रफी साहब और किशोर दा की आवाज़ से सजा ‘चांद सिफारिश’
इसी खयाल को अमलीजामा पहनाया है अंशुमन शर्मा और आदित्य काल्वे नाम के दो युवा कलाकारों ने। दरअसल इन्होने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का उपयोग करके फिल्म फना के गीत ‘चांद सिफारिश’ को रफी साहब और किशोर दा की आवाज़ में तैयार किया है। इंस्टाग्राम पर इस गीत को Anshuman.Sharma1 and AdityaKalway नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है और तीन दिन में ही इसे सवा पांच लाख से ज्यादा लाइक्स मिल चुके हैं। इस गीत को न सिर्फ इन दो महान गायकों की आवाज़ दी गई है, बल्कि 70 के दशक की शैली में गाया भी गया है। अंशुमन और आदित्य इसके अलावा भी कई नए गीतों को इसी अंदाज में पिरो चुके हैं। तो आप भी अगर इस नए गीत को अपने पसंदीदा पुराने गायकों की आवाज और शैली में सुनना चाहते हैं तो यहां इसका आनंद उठाया जा सकता है।
View this post on Instagram
पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

