Lok Sabha Elections 2024 : सीएम मोहन यादव ने कहा ‘5 साल में गेहूं का समर्थन मूल्य 3000 रुपये कर देंगे’

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार रविवार होने के कारण लाड़ली बहनों के खाते में एक दिन पहले 4 तारीख़ को राशि डाल दी जाएगी। वहीं कोविड वैक्सीन को लेकर उन्होंने कहा कि अगर आप अपनी बाईं भुजा में टीके के दोनों छेद में कान लगाकर सुनेंगे तो नरेंद्र मोदी ज़िंदाबाद सुनाई देगा।
CM Mohan

Lok Sabha Elections 2024 : सीएम मोहन यादव ने कहा है कि इस महीने लाड़ली बहनों के खाते में 5 मई की जगह 4 मई को राशि डाली जाएगी। उन्होंने कहा कि पाँच मई को रविवार है इसलिए एक दिन पहले ही बहनों के खाते में राशि डाल दी जाएगी। इसी के साथ उन्होंने कहा कि आने वाले पाँच सालों में किसानों को गेहूं के लिए तीन हज़ार रुपये समर्थन मूल्य राशि दी जाएगी।

सीएम ने कहा ‘गेहूं का समर्थन मूल्य तीन हज़ार करेंगे, इस महीने 4 तारीख़ को मिलेगी लाड़ली बहनों को राशि’

देवास लोकसभा के आगर में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि पीएम मोदी समाज के हर वर्ग और व्यक्ति के हित के लिए काम कर रहे। उन्होंने कहा कि हमने सरकार बनने से पहले कहा था कि हम 2700 रुपये में किसानों से गेहूं ख़रीदेंगे। अब कांग्रेस आरोप लगा रही है कि हमने अपना वादा पूरा नहीं किया। लेकिन सरकार तीन महीने के लिए नहीं बनती..वो पाँच साल के लिए बनती है। हम अपने वादे पर क़ायम है। इस साल हमने 2400 रुपये कर दिए हैं, अगले साल ये राशि साढ़े 2600 कर दी जाएगी। उसके अगले सात 2800 रुपये क्विंटल और पाँच साल होते होते हम 3000 रुपये में गेहूं ख़रीदेंगे। इसी के साथ उन्होंने ने कहा कि हमने लाड़ली बहनों के खाते में महीने की पाँच तारीख़ को राशि डालने को कहा है लेकिन अगर उस दिन रविवार पड़ गया तो हम एक दिन पहले राशि दे देंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सिर्फ़ भाजपा को कोसने का काम करती है, लेकिन हमने जो वादे किए हैं वो हर क़ीमत पर पूरा करेंगे।

‘बाईं भुजा से सुनाई देगा- नरेंद्र मोदी ज़िंदाबाद’

सीएम मोहन यादव ने कहा कि मोदी जी ने सालों से लंबित पड़े राममंदिर निर्माण का कार्य संपन्न कराया। उन्होंने कहा कि कोरोना संकटकाल में उन्होंने देश के हर व्यक्ति को वैक्सीन लगाने की व्यवस्था की। उन्होंने सबकी जान बचाई। मुख्यमंत्री ने कहा कि आप अपनी बाईं भुजा उठा लीजिएगा, उसमें टीके के दो छेद मिलेंगे, उसमें कान लगाकर सुनेंगे तो आपको आवाज़ आएगी ‘नरेंद्र मोदी ज़िंदाबाद’। उन्होंने कहा कि ये संजीवनी बूटी इस आधुनिक समय में प्रधानमंत्री ने हम सबको जीवन का आशीर्वाद दिया है। इसलिए जो सबकी चिंता करे..सबको लेकर चले, उनका साथ सभी को देना चाहिए।

कांग्रेस पर हमला, बीजेपी का साथ देने का आह्वान

इस मौक़े पर कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि राहुल गांधी संविधान की किताब हाथ में लेकर भाषण देते हैं। लेकिन बाबा साहब के संविधान की उनको कोई कद्र नहीं है। ये नरेंद्र मोदी हैं जिन्होंने पहली बार लोकसभा जाकर संविधान पर मस्तक लगाकर प्रधानमंत्री के रूप में अपनी पारी शुरु की। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी कहते हैं कि बीजेपी की सरकार आई तो आरक्षण ख़त्म कर देंगे, संविधान ख़तरे में है। उनको मालूम ही नहीं है..2014 से हमारी सरकार है, हमारी सरकार तो दस साल से है। इन सालों में कौन सा संविधान ख़तरे में पड़ गया ? हमने संविधान का मान और सम्मान बढ़ाया है। सीएम ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश विकास के पथ पर आगे बढ़ा है दुनियाभर में भी उसके यश में वृद्धि हुई है। इस मौक़े पर उन्होंने जनता से बीजेपी का साथ देने का आह्वान किया।

[dgv_vimeo_video id=”941922065″]

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews