एक ज़िला- एक उत्पाद योजना में उत्कृष्ट कार्य के लिए मुख्यमंत्री ने की अनूपपुर की सराहना

एक ज़िला- एक उत्पाद योजना में उत्कृष्ट कार्य के लिए मुख्यमंत्री ने की अनूपपुर की सराहना

अनूपपुर, वेद शर्मा| मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chauhan) ने अनूपपुर (Anuppur) जिले की सराहना की है| कलेक्टर कमिश्नर कॉन्फ्रेंस में “एक ज़िला- एक उत्पाद” योजना की समीक्षा के दौरान सीएम ने अनूपपुर ज़िले द्वारा किए गए प्रयासों को सराहा| इस दौरान कलेक्टर चंद्रमोहन ठाकुर ने अनूपपुर ज़िले द्वारा “एक ज़िला-एक उत्पाद” योजना हेतु चिन्हित उत्पादों गुलबकावली अर्क, कोदो, शहद एवं टमाटर को निर्यात योग्य बनाने एवं उक्त माध्यम से स्थानीय निवासियों को लाभान्वित करने की योजना एवं अब तक की गयी कार्यवाही की विस्तारपूर्वक जानकारी दी|

कलेक्टर श्री ठाकुर ने बताया कि गुलबकावली अर्क की विश्वसनीयता स्थापित कर आर्थिक गतिविधियों में तेज़ी लाने के लिए मेडिसिनल फ़ीज़िबिलिटी स्टडी पर कार्य किया जा रहा है। शहद के उत्पादन बढ़ाने एवं मार्केटिंग हेतु संस्थागत प्रयास किए जा रहे हैं। टमाटर की उच्च गुणवत्ता कृषि को प्रोत्साहित करने के लिए बीज वितरण एवं प्रॉसेसिंग क्षेत्र में कार्य कर मुनाफ़े को बढ़ाने की योजना है। कोदो की प्रॉसेसिंग के साथ-साथ अमरकंटक ब्रांड को स्थापित करने की प्रक्रिया पर कार्य जारी है।

उन्होंने बताया कि उक्त सभी उत्पादों के बिज़नेस मॉडल पर वैज्ञानिक अप्रोच एवं विशेषज्ञों की राय पर आधारित शासकीय सहयोग की योजना है। उत्पाद की प्रॉसेसिंग से लेकर विक्रय तक के विभिन्न चरणो में स्थानीय स्वसहायता समूहों को प्रशिक्षण प्रदान कर शामिल किया जा रहा है ताकि स्थानीय जनो को अधिकाधिक लाभ सुनिश्चित किया जा सके। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने उक्त संस्थागत एवं सुगठित प्रयासों की सराहना करते हुए अन्य ज़िलों को अनुकरण के निर्देश दिए।

एक जिला-एक उत्पाद योजना में जिलों को बधाई
एक जिला-एक उत्पाद योजना के अंतर्गत अनूपपुर में कोदो, शहद, गुलबकावली अर्क, टमाटर, निवाड़ी में अदरक, जबलपुर में मटर, सतना में बर्तन, खरगौन में मिर्ची और कपास तथा बुरहानपुर में केला चिप्स उत्पादों की ब्रांडिंग की जा रही है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सभी जिलों विशेष रूप से अनूपपुर जिले को इस कार्य के लिए बधाई दी। गुना में धनिया प्रसंस्करण प्लांट चालू हो रहे हैं। मंडला में कोदो-कुटकी तथा भोपाल में जरी-जरदोरी को बढ़ावा दिया जा रहा है। इन्हें फ्लिपकार्ट, अमेजन आदि से लिंक भी किया जा रहा है।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews