अब करीला धाम पहुंचना होगा आसान, 115 करोड़ रुपए से बनेगी, सड़क शिवराज सरकार ने स्वीकृत की राशि

अब करीला धाम पहुंचना होगा आसान, 115 करोड़ रुपए से बनेगी, सड़क शिवराज सरकार ने स्वीकृत की राशि

Ashok Nagar News : मप्र विधानसभा चुनाव से पहले शिवराज सरकार ने अशोक नगर जिले को एक बड़ी सौगात दी है, सरकार ने अशोक नगर जिले के लिए अब तक की सबसे बड़ी सड़क स्वीकृत की है। यह सड़क अशोक नगर जिले के प्रसिद्ध तीर्थ क्षेत्र माता जानकी के दरबार करीला धाम के लिए समर्पित हैं। 52. 20 किलोमीटर लम्बी इस सड़क की लागत करीब 115 करोड़ रुपये आयेगी ।

क्षेत्रीय विधायक जजपाल सिंह जज्जी ने बताया कि लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाई जाने वाली इस सड़क को अपरीक्षित मद से स्वीकृत किया गया है। इसके लिए प्रशासन को डीपीआर बनाकर देना है। जिसकी तुरंत निविदा कराई जानी है। मुख्यमंत्री की घोषणा के A प्लस कार्यक्रम के तहत इस सड़क का निर्माण किया जाना है। एक सप्ताह के भीतर प्रशासन को इसकी डीपीआर शासन को भेजी जानी है।

अशोक नगर विधायक जज्जी ने बताया कि जिले के सबसे बड़े तीर्थ क्षेत्र करीला पहुंचने के लिए सिर्फ एक मार्ग होने के कारण आवागमन में बड़ी दिक्कत होती थी, इस कारण लंबे समय से सरकार से उन्होंने एक वैकल्पिक मार्ग की मांग की थी। उन्होंने बताया कि न केवल अशोक नगर बल्कि पड़ोसी जिले गुना और राजस्थान तथा अन्य इलाकों से करीला पहुंचने वाले लोगों की भारी संख्या होती हैं। इस सड़क के बन जाने से ना केवल इस तरफ से आने वाले यात्रियों को सुविधा होगी बल्कि उनकी यात्रा सुगम एवं कम समय में भी पूरी हो जाएगी।

विधायक ने कहा कि इस सड़क के बनने से न केवल करीला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ेगी बल्कि एक नया मार्ग विकसित हो जायेगा। यह सड़क शाडोरा से बमोरी ताल, ककरुआ राय, पिपरिया राय, कचनार, झितिया, करैया बुद्धू, राजपुर, फतेहपुर,खिरिया हरिपुरचक्क,पीपलखेड़ा जमुनिया होते हुये करीला पहुँचेगी। विधायक ने बताया इस सड़क की लंबाई 52. 20 किलोमीटर होगी। साथ ही यह सड़क डबल लाइन की होगी जिसकी चौड़ाई 7 मीटर होगी। इस सड़क की लागत 114 करोड़ 84लाख रु होंगी।

बताया जा रहा है कि किसी जिले से जिले के अंदर अब तक की यह सबसे बड़ी लागत की सड़क की सौगात अशोक नगर जिले को मिली है। जिसमें 2 विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। विधायक जज्जी ने इस सड़क की स्वीकृति देने के लिये शाढ़ौरा विधानसभा के नागरिकों एवं करीला धाम के भक्तों की ओर से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का आभार व्यक्त किया है।

अशोक नगर से हितेंद्र बुधौलिया की रिपोर्ट 

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews