भाजपा नेता पर हमला, विधायक पर लगाया आरोप, अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज

भाजपा नेता पर हमला, विधायक पर लगाया आरोप, अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज

अशोकनगर| अशोकनगर के सुभाषगंज में भारतीय जनता पार्टी के जिला मंत्री एवं पूर्व पार्षद अशोक पाटनी पर आज सुबह अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया ।पाटनी ने बताया कुछ लोगों ने जो मुंह पर कपड़ा बांधे थे उन्होंने घेर कर उन पर हमला किया है। कोतवाली पुलिस ने 6 अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज कर लिया है। पाटनी ने इस हमले के पीछे अशोकनगर विधायक जजपाल सिंह जज्जी पर आरोप लगाया है। विधायक ने पाटनी के आरोपो को निराधार बताते इस घटना को एक राजनैतिक षड्यंत्र बताया है।

भाजपा के जिला मंत्री एवं पूर्व पार्षद अशोक पाटनी ने पुलिस को बताया कि आज सुबह करीब 9:00 बजे के आसपास सुभाष गंज में एक सुनसान इलाके में कुछ लोगों ने पीछे से पकड़ कर उनपर  हमला किया। इसके बाद भारतीय जनता पार्टी के लोगों ने पाटनी को एक हाथ ठेले पर लिटा कर कोतवाली तक रैली नुमा प्रदर्शन भी किया । पाटनी की शिकायत पर पुलिस ने 6 अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज कर लिया है । पाटनी ने आरोप लगाया कि विधायक के जाति प्रमाण पत्र को लेकर विधायक के खिलाफ गवाही दी थी । इसलिए इस हमले में विधायक का हाथ है।

आरोप निराधार, मुझे बदनाम करने की साजिश है : जजपाल सिंह जज्जी 

पाटनी के इस आरोप पर कांग्रेस विधायक जजपाल सिंह जज्जी का कहना है कि इस मामले से उनका कोई लेना देना नहीं है और वह इस समय भोपाल में है । उन्होंने बताया कि कल ही उनके द्वारा जाति प्रमाण पत्र एवं विधायकी को लेकर भाजपा नेताओं द्वारा जो भ्रम फैलाया जा रहा था उस राजनैतिक षड्यंत्र का पर्दाफाश किया था। इसी वजह से यह मामला रचा गया है । उन्होंने कहा कि पाटनी के साथ हुई घटना उन्हें प्रायोजित लगती है और जो मुझे बदनाम करने के लिये की गई। उन्होंने कहा कि मैंने पुलिस प्रशासन को इस घटना की निष्पक्ष जांच के लिए कहा है। विधायक ने कहा कि पाटनी से मेरे संबंध हमेशा सौहार्दपूर्ण रहे हैं। और मेरी प्रवृत्ति इस तरह झगड़ा करने की नहीं है । उन्होंने कहा कि अगर पाटनी के साथ सच में ऐसा हुआ है तो मेरी हमदर्दी उनके साथ हैं।

Mp Breaking News
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews