
बालाघाट में देर रात एक भीषण सड़क हादसा देखने को मिला। यहां एक साइकिल से टकराते हुए बाइक, पिकअप से भीड़ गई। इस घटना में एक की मौत हो गई है और तीन लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद पुलिस ने पिकअप ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है।
यह हादसा जिले के रामपायली थाना क्षेत्र के कस्बीटोला में देर रात हुई। पहले बाइक सवार ने साइकिल को टक्कर मारी और उसके बाद पिकअप में जा घुसी। घटना में 19 वर्षीय बाइक सवार कृष्णा शनिचरे की मौके पर मौत हो गई। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
बाइक से घर लौट रहे थे बाइक सवार
जानकारी के मुताबिक रामपायली के रहने वाले कृष्णा उमेश और सौरभ बाइक से खैरी से होकर अपने घर लौट रहे थे। वहीं सोनझरा के रहने वाले भाऊदास साइकिल से अपने गांव जा रहे थे। ये सभी सोनझरा पेट्रोल पंप के पास पहुंचे थे। तभी बाइक और साइकिल के बीच टक्कर हो गई। अनियंत्रित बाइक इसी समय वारासिवनी से खैरलांजी की तरफ जा रही पिकअप से भिड़ गई।

ये हुए घायल
इस घटना में जहां एक बाइक सवार कृष्णा की मौत हुई है। वहीं 17 वर्षीय उमेश मेश्राम, 19 वर्षीय सौरभ शनिचरे और 55 वर्षीय बाइक सवार भाऊदास सहारे घायल हुए हैं। इन सभी को पहले रामपायली अस्पताल भेजा गया। यहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां इनका इलाज चल रहा है।

पुलिस ने जब्त की पिकअप
इस घटना की सूचना मिलने पर रामपायली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। मौके से पिकअप जब्त करने के साथ ड्राइवर को भी हिरासत में लिया गया है। मृतक का आज पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस इस बारे में जांच कर रही है कि आखिरकार घटना किस तरह से हुई।
10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

