बीआरसी ने शिक्षक से ली रिश्वत, लोकायुक्त पुलिस ने रंगे हाथ पकड़ा, सब इंजीनियर को भी बनाया आरोपी

निर्माण कार्य पूरा होने के बाद जब शिक्षक (प्रभारी प्रधान अध्यापक) ने सब इंजीनियर से कम्पलीशन सर्फिकेट मांगा तो उन्होंने इसके बदले रिश्वत की मांग की, खास बात ये है कि बीआरसी ने भी इसमें सहयोग किया, अब लोकायुक्त पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। 
Lokayukta Police BRC Bribery Arrested

Lokayukta Police BRC Bribery Arrested

शासकीय सेवकों में रिश्वतखोरी की आदत नहीं जा रही है, लोकायुक्त पुलिस ने एक बार फिर एक सरकारी कर्मचारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा है, लोकायुक्त ने रिश्वत मांगने में शामिल उसके सहयोगी को भी इस मामले में आरोपी बनाया है।

लोकायुक्त पुलिस इंदौर एसपी राजेश सहाय के कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक बड़वानी जिले की निवाली तहसील खत्री फल्या के प्राथमिक शिक्षक (प्रभारी प्रधान अध्यापक) जितेंद्र सोनी ने एक शिकायती आवेदन उनके यहाँ दिया था जिसमें उन्होंने दो व्यक्तियों पर रिश्वत मांगने के आरोप लगाये थे।

आवेदन में शिक्षक जितेंद्र सोनी ने बताया कि वे शासकीय प्राथमिक विद्यालय खत्री फल्या – पिपलधार, जिला बड़वानी में प्राथमिक शिक्षक (प्रभारी प्रधानाध्यापक) के पद पर कार्यरत हैं। उनके स्कूल में बालिका शौचालय रिपेयरिंग हेतू स्कूल मद में 20,000/- रुपये की राशि प्राप्त हुई हैं, किंतु तकनीकी समस्या के चलते अब तक उक्त राशि का आहरण नहीं हो सका हैं फिर भी उन्होंने व्यक्तिगत राशि से  शौचालय के काम को तय समय सीमा पूर्ण करा लिया।

कम्पलीशन सर्टिफिकेट देने के बदले मांगी रिश्वत 

उन्होंने आगे लिखा कि जब इस काम की कार्य पूर्णता का प्रमाणपत्र जमा करनी की बारी आई तो जनजाति कार्य विभाग निवाली में पदस्थ सब इंजीनियर अश्विन डागर और जन शिक्षा केंद्र एक बीआरसी महेंद्र सिंह राठौर ने 5000/- रुपये की मांग की , शिकायती आवेदन मिलने के बाद उसकी सत्यता की जाँच कराई गई जिसमें रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई।

रिश्वत की राशि हाथ में आते ही लोकायुक्त पुलिस ने दबोचा 

सब इंजीनियर ने रिश्वत की राशि बीआरसी को देने के लिए कहा वहीं बीआरसी ने भी आवेदक से रिश्वत की मांग की , बीआरसी ने आवेदक जितेंद्र सोनी को आज रिश्वत राशि लेकर बड़वानी रोड राजपुर स्थित SBI बैंक के ATM पर बुलाया, इसी के पास उसका आवास भी है, शिक्षक जितेंद्र ने रिश्वत की राशि 5000/- रुपये जैसे ही बीआरसी महेंद्र सिंह राठौर को दी आसपास पहले से तैयार लोकायुक्त पुलिस की टीम ने उसे पकड़ लिया।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में मामला दर्ज 

तलाशी लेने पर बीआरसी महेंद्र सिंह राठौर के पास से रिश्वत के रूप में ली गई राशि बरामद की गई, लोकायुक्त पुलिस ने इस मामले में उसके सहयोगी सब इंजीनियर अश्विन डागर को भी आरोपी बनाया है, लोकायुक्त पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण धिनियम की धाराओं में मामला दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews