
Betul News : बैतूल में श्री हैहृय क्षत्रिय कलचुरी समाज द्वारा शुक्रवार को शिवाजी चौक पर आराध्य राजराजेश्वर भगवान सहस्त्रबाहू पर घोर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले कथा वाचक धीरेंद्र शास्त्री के 17 पुतलों का सामूहिक दहन किया गया। इसके साथ ही, जिले भर से आए सामाजिक बंधुओं ने शिवाजी आडिटोरियम से SP कार्यालय और कलेक्टर कार्यालय तक धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विशाल रैली निकाली। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ चौधरी और कलेक्टर कार्यालय में एडीएम श्यामेंद्र जायसवाल को ज्ञापन सौंपा और पंड़ित शास्त्री पर FIR दर्ज कर गिरफ्तारी करने की मांग की है। प्रशासन द्वारा 7 दिन में मामला दर्ज नहीं करने पर पूरे जिले में उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी है।

शिवाजी आडिटोरियम में दिया धरना
दरअसल, छतरपुर जिले के ग्राम गढ़ा (बागेश्वरधाम) के कथा वाचक धीरेंद्र शास्त्री द्वारा पिछले दिनों भगवान सहस्त्रबाहू के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने से आक्रोशित समाज ने जिले के सभी ब्लाक और 17 जोन में पुलिस को ज्ञापन देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की। साथ ही, जिले में कहीं भी धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ एफआईआर नहीं होने पर शुक्रवार को कलार समाज के संरक्षक प्रेमशंकर मालवीय, जिला अध्यक्ष मनोज आर्य के नेतृत्व में सैकड़ों नागरिकों ने शिवाजी आडिटोरियम में धरना दिया।
इस दौरान घोड़ाडोंगरी के जितेंद्र मालवीय, चिचोली के धर्मेंद्र पटेल, जित्तू पटेल, मुलताई की रेखा शिवहरे, बिंदू मालवीय, बैतूल के नेमीचंद मालवीय सहित अन्य वक्ताओं ने उनकी घोर निंदा भी की।
[dgv_vimeo_video id=”826422287″]
17 पुतलों का दहन
शिवाजी आडिटोरियम में धरना देने के बाद सभी सामाजिक बंधुओं ने रैली निकाली। कलार समाज के नागरिक धीरेंद्र शास्त्री के 17 पुतले बनाकर लाए थे। छत्रपति शिवाजी की प्रतिमा के समक्ष धीरेंद्र शास्त्री के सभी 17 पुतलों का समूहिक दहन किया गया। इस दौरान सामाजिक बंधुओं ने मुर्दाबाद के नारे और समाज के अराध्य भगवान के जयकारे भी लगाए। पुतला दहन के बाद सभी सामाजिक बंधु नारेबाजी करते हुए एसपी आफिस पहुंचे।

एसपी-एडीएम को सौंपा ज्ञापन
कलार समाज के नागरिकों ने पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ चौधरी को ज्ञापन सौंपकर शास्त्री के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। साथ ही, जमकर नारेबाजी भी की। यहां एडीएम श्यामेंद्र जायसवाल को राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, केंद्र मंत्री, मध्यप्रदेश के राज्यपाल, मुख्यमंत्री, गृहमंत्री और पुलिस महानिदेशक म.प्र. के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा।
जिसमें अवगत कराया गया कि कथा वाचक शास्त्री द्वारा जानबूझकर भगवान सहस्त्रबाहू व हैहृय वंश पर कथा वाचन करते हुए आपत्तिजनक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया, फेसबुक में अपलोड किया गया, जिससे समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई। धीरेंद्र शास्त्री द्वारा मिथ्या कथन कहकर लोक शांति भंग किए जाने के कारण अपराध पंजीबद्ध कर कार्रवाई किए जाने के साथ ही एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तार करने की मांग की।
केवल इतना ही नहीं, समाज ने चेतावनी दी है कि 7 दिन में उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो कलार समाज द्वारा उग्र आंदोलन किया जाएगा। नगर बंद और चक्काजाम किया जाएगा जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
[dgv_vimeo_video id=”826422091″]
जिलाध्यक्ष ने दी चेतावनी
धीरेंद्र शास्त्री द्वारा भगवान सहस्त्राबाहू पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी पर उन्हें शास्त्रार्थ की चुनौती दी है। श्री आर्य ने कहा कि धीरेंद्र शास्त्री अल्पज्ञानी कथा वाचक हैं। तब ही ऐसी बात कही जबकि गरुड़ पुराण, वायु पुराण, श्रीरामचरित मानस में उल्लेख है कि भगवान सहस्त्राबाहू अर्जुन भगवान विष्णु के अवतार थे। उन्होंने सुदर्शन चक्र धारण किया था। अपनी कर्मभूमि महेश्वर में रावण की तपस्या भंग करने अपने एक हजार हाथों से मां नर्मदा का प्रवाह रोक दिया था जिससे गुस्साए रावण ने उनसे युद्ध किया तब उन्होंने रावण को युद्ध में हराकर 6 माह तक अपने पास बंदी बनाकर रखा था। साथ ही, धीरेंद्र शास्त्री को खुली चुनौती दी है कि वे भगवान सहस्त्राबाहू पर उनसे शास्त्रार्थ करें। यदि उनके द्वारा कही गई बात को वे प्रमाणिक करते हैं तो मैं जीवन भर धीरेंद्र शास्त्री की गुलामी करने को तैयार हूं। यदि वे प्रमाणिक नहीं कर पाए तो जिस वाणी से उन्होंने भगान का अपमान किया है वह जिव्हा काटकर कलार समाज को दे दें- मनोज आर्य, जिलाध्यक्ष
[dgv_vimeo_video id=”826421538″]
बैतूल से वाजिद खान की रिपोर्ट
सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

