
Bhind News : चंबल अंचल दबंगई के लिए पूरे मध्य प्रदेश में चर्चित है लेकिन दबंगई की आज जो पिक्चर सामने आई है वो कुछ अलग है। ये दबंगई दो सरकारी विभागों के बीच दिखाई दी है। मामला बिजली विभाग और नगर पालिका के बीच का है। पूरे घटनाक्रम के बाद दोनों ही सरकारी विभाग तीसरे सरकारी विभाग यानि पुलिस के पास शिकायत लेकर पहुँच गए हैं।
चंबल अंचल में दबंगई के किस्से तो लोगों ने ख़ूब देखे और सुने होंगे, लेकिन यहाँ हम आपको चम्बल के भिंड ज़िले के दो सरकारी विभागों के बीच दबंगई की खबर बताने जा रहे है। मामला दोनों विभागों की एक दूसरे पर बकाया राशि से जुड़ा हुआ है। दरअसल नगर पालिका को बिजली कंपनी से करोड़ों की बकाया संपत्ति कर की राशि चाहिए वहीं बिजली कंपनी को अपना बकाया करोड़ों का बिल वसूलना है। आज इसी बात को लेकर दोनों विभाग के लोग आमने सामने आ गए और हंगामा खड़ा हो गया। नतीजा ये हुआ कि नगर पालिका ने भारी मात्रा में कचरा SE ऑफिस के बाहर फेंक दिया।
नपा और बिजली कंपनी में ठनी
हुआ ये कि आज सुबह नगर पालिका ऑफिस में लोग अपनी समस्या लेकर पहुंचे थे उसी दौरान बिजली कंपनी के कर्मचारी कनेक्शन काट कर चले गए, कनेक्शन कटने से ऑफिस का काम ठप पड़ गया। बिजली कंपनी का कहना था कि कई बार नगर पालिका को बिल भरने के लिए कहा लेकिन 3 करोड़ से ज्यादा का बिल हो गया और नगर पालिका बिल जमा नहीं कर रही। कनेक्शन कटने के बाद नगर पालिका के उपाध्यक्ष भानु भदौरिया अन्य जन प्रतिनिधियों के साथ SE पीके जैन के कार्यालय गए और निवेदन किया कि कनेक्शन जोड़ दीजिये लेकिन वहाँ दोनों के बीच विवाद हो गया, भानु भदौरिया ने पीके जैन पर अभद्रता का आरोप लगाया और गुस्साए जन प्रतिनिधियों ने नगर पालिका से ट्रौलियाँ भरकर कचरा मंगवाया और SE ऑफिस के बाहर फेंक दिया।
[dgv_vimeo_video id=”1023342233″]
ढाई करोड़ रुपया का बिल बकाया
उधर इस पूरे घटनाक्रम पर नगर पालिका के CMO यशवंत वर्मा ने कहा कि कचरा नगर पालिका ने नहीं फेंका है हमारे कुछ जन प्रतिनिधियों ने बिजली कंपनी के अधिकारी पर अभद्रता करने का आरोप लगाया है और उसके प्रतिशोध में उन्होंने ही कचरा फिकवाया है, CMO ने कहा कि मैंने SE से कहा कि हमारा भी आप पर ढाई करोड़ रुपया बकाया है तो समायोजन कर लीजिये लेकिन कंपनी ने कनेक्शन ही काट दिया, हालांकि मैंने कचरा हटवा दिया है।
[dgv_vimeo_video id=”1023342421″]
सातवें आसमान पर है जन प्रतिनिधियों का गुस्सा
हालांकि उपाध्यक्ष और अन्य जन प्रतिनिधियों का गुस्सा सातवे आसमान पर है और उन्होंने कहा कि हम कनेक्शन नहीं जोड़े जाने और संपत्ति कर की बकाया राशि नहीं जमा होने तक चुप नहीं रहेंगे उधर अब खबर है कि बिजली विभाग के SE पीके जैन और नगर पालिका उपाध्यक्ष भानु भदौरिया दोनों ही पुलिस थाने पहुँच गए है और उन्होंने एक दूसरे पर अभद्रता करने की शिकायत की है।
अतुल सक्सेना की रिपोर्ट
[dgv_vimeo_video id=”1023342595″]
