VIDEO: शिवराज के मंत्री से पूछ लिया पार्टी क्यों छोड़ दी..? सभा छोड़ उल्टे पांव लौटना पड़ा

VIDEO: शिवराज के मंत्री से पूछ लिया पार्टी क्यों छोड़ दी..? सभा छोड़ उल्टे पांव लौटना पड़ा

भोपाल, डेस्क रिपोर्ट| प्रदेश (MadhyaPradesh) की 27 सीटों पर जल्द ही उपचुनाव (Byelection) होने हैं, तारीखों का ऐलान अभी नहीं हुआ, लेकिन नेताओं ने जनता के बीच पहुंचना शुरू कर दिया है| इस दौरान उन्हें विरोध का सामना भी करना पड़ रहा है| मंदसौर की सुवासरा सीट से कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए शिवराज सरकार के कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह डंग (Hardeep Singh Dung) को प्रचार के दौरान विरोध का सामना करना पड़ा| सभा के दौरान एक युवक ने उनसे पूछ लिया कि पार्टी क्यों छोड़ी, जिस पर मंत्री असहज हो गए और जवाब नहीं दे पाए| इस दौरान कांग्रेस के पक्ष में जमकर नारेबाजी होने लगी| उसके बाद मंत्री हरदीप सिंह डंग को उल्टे पांव वापस लौटना पड़ा।

सोशल मीडिया पर युवक द्वारा द्वारा मंत्री से सवाल पूछते हुए वीडियो अब वायरल हो रहा है। जिसे मध्य कांग्रेस ने भी शेयर कर हरदीप सिंह डंग पर निशाना साधा है। कांग्रेस ने ट्वीट कर लिखा-“बैंगलोर रिटर्न का फिर विरोध, जनता बिकाऊ को बर्दाश्त नहीं कर रही, बैंगलोर के होटल में बैठकर मप्र की सरकार का सौदा करने वाले सुवासरा के पूर्व विधायक हरदीप सिंह डंग का जमकर विरोध हुआ, बीच में ही कार्यक्रम छोड़कर भागना पड़ा। जनता ने मिलकर ये ठाना है, ग़द्दारों को सबक़ सिखाना है”।

यह वीडियो सुवासरा विधानसभा सीट के बापचा में जन सभा का बताया जा रहा है, जहां सोमवार की रात हरदीप सिंह डंग जन सभा कर रहे थे। इस दौरान डंग से एक युवक ने सवाल किया कि हमें गर्व था कि आपके सामने सीएम को झुकना पड़ता था। अब आप हमारे लिए पार्टी छोड़ कर दूसरे पार्टी में आ गए। अब कल को आप दूसरी पार्टी में चले गए तो| युवक के सवाल पर सभा में शोर शुरू हो गया, इस दौरान मंत्री कोई जवाब नहीं दे सके| इस दौरान कांग्रेस के दूसरे कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी शुरू कर दी। जिसके बाद पुलिस को हस्तक्षेप कर मामले को शांत करवाना पड़ा.उसके बाद हरदीप सिंह डंग वहां से निकल गए।

इससे पहले भी कई स्थानों पर हरदीप सिंह डंग को कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विरोध का सामना करना पडा है| हरदीप सिंह डंग मंदसौर के सुवासरा सीट से कांग्रेस के विधायक थे। लेकिन ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ इस्तीफा देकर वह बीजेपी में शामिल हो गए थे।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews