बीजेपी नेता ने की कांग्रेस के दिग्गज रहे नेता के लिए ये बड़ी मांग

बीजेपी नेता ने की कांग्रेस के दिग्गज रहे नेता के लिए ये बड़ी मांग

Narayan Tripathi wrote a letter to CM : बीजेपी विधायक नारायण त्रिपाठी का एक बार फिर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं पर प्यार उमड़ा है। उन्होने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखकर रीवा एयरपोर्ट का नाम कांग्रेस के सीनियर नेता और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्रीनिवास तिवारी के नाम पर करने की मांग की है। इससे पहले बुधवार को उन्होने अर्जुन सिंह की प्रतिमा के अनावरण को लेकर भी सीएम से अपील की थी।

सीएम शिवराज को पत्र

इस पत्र में नारायण त्रिपाठी ने सीएम शिवराज को लिखा है कि ‘विन्ध्य की धरा पर रीवा में आपने एयरपोर्ट की सौगात देकर अत्यंत उत्तम कार्य किया है। इसके लिए मैं विन्ध्य क्षेत्र की जनता की ओर से आपका आभार व धन्यवाद प्रकट करता हूं। निवेदन है कि विन्ध्यप्रदेश और मध्यप्रदेश की विधानसभा के लंबे समय तक सदस्य रहे और मध्य प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष रहे विन्ध्य में सफेद शेर के नाम से विख्यात स्वर्गीय श्रीयुत श्रीनिवास तिवारी जी के नाम पर रीवा में बनने जा रहे एयरपोर्ट का नामकरण किया जाना सर्वाधिक उचित होगा। इससे विन्ध्य क्षेत्र में बहुत ही सार्थक संदेश जाएगा। अत: आपसे प्रार्थना है कि रीवा में बनने वाले एयरपोर्ट का नामकरण स्व. श्रीयुत श्रीनिवास तिवारी के नाम पर किए जाने हेतु आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश देने की कृपा करें।’ इस प्रकार उन्होने रीवा में बनने वाले एयरपोर्ट का नामकरण कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के नाम पर करने की मांग की है।

पहले भी कर चुके हैं ऐसी मांग

ये कोई पहली बार नहीं है जब बीजेपी विधायक ने ऐसी कोई बात कही हो। हाल ही में उन्होने मांग की थी कि भोपाल में 6 नंबर स्टॉप के पास व्यापम चौराहे पर लगी अर्जुन सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया जाए। सरकार से इसके अनावरण की मांग करते हुए उन्होने इस प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया था। उन्होने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह किसी पार्टी से बंधे हुए नहीं है और वो एक राष्ट्रीय नेता तथा विन्ध्य की धरोहर हैं। उन्होने 4 मार्च को अर्जुन सिंह की पुण्यतिथि से पहले उनकी प्रतिमा का अनावरण करने की मांग की थी और अब एक बार फिर कांग्रेस नेता श्रीनिवास तिवारी के नाम पर एयरपोर्ट का नामकरण करने की मांग की है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews