MP Breaking News

BJP का नया डिजिटल कैंपेन, Gen Z तक पहुंचने के लिए इन्फ्लुएंसर्स और रील्स का लिया जाएगा सहारा, 17 सितंबर से होगी शुरुआत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से शुरू होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ में भाजपा डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बड़ा फोकस करने जा रही है। दरअसल पार्टी इन्फ्लुएंसर्स, इंस्टाग्राम और यूट्यूब रील्स के जरिए Gen Z तक पहुंचने की तैयारी कर रहे है।
BJP का नया डिजिटल कैंपेन, Gen Z तक पहुंचने के लिए इन्फ्लुएंसर्स और रील्स का लिया जाएगा सहारा, 17 सितंबर से होगी शुरुआत

भाजपा अब Gen Z को लेकर खास तैयारी कर रही है। दरअसल 17 सितंबर से शुरू होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ में भाजपा का फोकस इस बार डिजिटल पहुंच पर रहेगा। पार्टी की योजना इन्फ्लुएंसर्स और रील्स के जरिए युवा पीढ़ी तक पहुंचने की है। अभियान में ऐसे स्थानों को दिखाया जाएगा जहां सरकारों के काम से बदलाव आया है। इसके साथ ही हर शक्ति केंद्र को कम से कम 10 रील बनाने का लक्ष्य दिया गया है।

वहीं इस अभियान में कार्यकर्ता अपने क्षेत्र के सरकारी योजनाओं से लाभ पाने वाले लोगों की कहानियां रिकॉर्ड करेंगे। रील में लाभार्थी का नाम, स्थान, जिला, संबंधित योजना और उससे हुए बदलाव की जानकारी शामिल की जाएगी। यूट्यूब और इंस्टाग्राम के लिए 60 सेकंड तक की रील तैयार करने की योजना बनाई गई है।

रील्स में आएंगी लाभार्थियों की कहानियां

दरअसल इस अभियान के तहत देश के इन्फ्लुएंसर्स और डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स को ऐसे स्थानों तक ले जाने का प्रस्ताव है जहां पिछले वर्षों में बदलाव दिखाई देता है। योजना के मुताबिक क्रिएटर्स मौके पर जाकर स्थानीय लोगों से मिलेंगे और वहां हुए बदलाव को अपने अनुभव के आधार पर डिजिटल प्लेटफॉर्म पर साझा करेंगे। इसके लिए राज्यों से ऐसे स्थानों की सूची मांगी जाएगी, जहां लोगों के जीवन, सुरक्षा, अर्थव्यवस्था, इंफ्रास्ट्रक्चर या अवसरों में बदलाव दिखाई देता हो। सामान्य सरकारी भवन या औपचारिक कार्यक्रम स्थल इस सूची में शामिल नहीं होंगे। राष्ट्रीय स्तर पर करीब 50 प्रमुख स्थानों के चयन का प्रस्ताव है।

वहीं अभियान का एक और हिस्सा ‘कहानी बदलाव की’ होगा। बता दें कि इसके तहत सरकारी योजनाओं से लाभ पाने वाले लोगों की वीडियो कहानियां तैयार की जाएंगी। योजना में करीब 25 लाख नागरिकों की कहानियां सामने लाने का प्रस्ताव है। इनमें से लगभग 25 हजार कहानियों को शॉर्टलिस्ट किया जाएगा और करीब 250 कहानियों को प्रोफेशनल तरीके से तैयार किया जाएगा। चयनित रील्स को जिला और राज्य स्तर के सोशल मीडिया अकाउंट से साझा किया जाएगा।

17 सितंबर से इसका डिजिटल अभियान

दरअसल अभियान में WhatsApp से लेकर Instagram तक डिजिटल शेयरिंग पर भी जोर रहेगा। ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान के तहत नागरिक, इन्फ्लुएंसर, मंत्री और मुख्यमंत्री दीप जलाकर उसकी फोटो और वीडियो साझा करेंगे। ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान में लोगों को 25 सेवा गतिविधियों में से किसी एक को चुनकर कम से कम 25 मिनट सेवा देने, उसका पहले और बाद का वीडियो बनाने और My Bharat Portal पर रील अपलोड करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके बाद डिजिटल सर्टिफिकेट भी जनरेट होगा।

वहीं 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक हर आंगनवाड़ी केंद्र पर ‘आंगन का उत्सव’ भी आयोजित होगा। इसमें बच्चों और उनकी माताओं को बुलाया जाएगा। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाएगा। साथ ही बच्चों के लिए खेल, चित्रकला, गीत और छोटी प्रस्तुतियां आयोजित होंगी तथा पोषण, स्वास्थ्य, महिला कल्याण और बाल विकास योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews
BJP का नया डिजिटल कैंपेन, Gen Z तक पहुंचने के लिए इन्फ्लुएंसर्स और रील्स का लिया जाएगा सहारा, 17 सितंबर से होगी शुरुआत