कांग्रेस और बीजेपी ने अपने विधायकों को जारी किया व्हिप

MP Politics

भोपाल। सुप्रीम कोर्ट द्वारा 20 मार्च को फ्लोर टेस्ट का आदेश दिये जाने के बाद कांग्रेस और बीजेपी ने अपने अपने विधायकों को व्हिप जारी किया है। कांग्रेस ने अपने विधायकों को व्हिप जारी कर लिखा है कि विधानसभा का बजट सत्र शुरू होने से पहले भी व्हिप जारी कर सभी विधायकों को 16 मार्च से 13 अप्रेल तक भोपाल में उपस्थित रहने व सदन की कार्यवाही में मौजूद रहने को कहा था। एक बार फिर विधायकों को 20 मार्च को सदन में होने वाले फ्लोर टेस्ट में अनिवार्यत: उपस्थित रहने  और सरकार के पक्ष में मतदान करने के निर्देश दिये हैं। वहीं बीजेपी ने भी व्हिप जारी कर अपने विधायकों को सदन में मौजूद रहकर सरकार द्वारा लाये जा रहे विश्वास मत के विपक्ष में मतदान करने के निर्देश दिये हैं।

बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने गुरूवार को अपना फैसला सुनाते हुए राज्य सरकार को शुक्रवार को बहुमत साबित करने के लिये कहा है। विधानसभा में फ्लोर टेस्ट मामले पर सुप्रीम कोर्ट ने फैसला सुनाते हुए कहा है कि शुक्रवार को विधानसभा का विशेष सत्र बुलाकर शाम 5 बजे तक फ्लोर टेस्ट कराया जाए। फ्लोर टेस्ट में विधायक हाथ उठाकर वोटिंग करेंगे। इसके साथ ही बेंगलुरु में ठहरे 16 विधायकों को लेकर कहा गया है कि उनपर विधानसभा में उपस्थित रहने का कोई दबाव नहीं है, ये उनकी इच्छा पर निर्भर करता है कि वे विधानसभा में उपस्थित रहना चाहते हैं या नहीं। साथ ही कर्नाटक और मध्यप्रदेश के डीजीपी को आदेश दिया गया है कि उन विधायकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। इसी के साथ सुप्रीम कोर्ट ने पूरी कार्यवाही की वीडियोग्राफी करने के निर्देश भी दिये हैं। इस तरह सुप्रीम कोर्ट ने विधानसभा अध्यक्ष का फैसला पलट दिया है जिसमें उन्होने सत्र की कार्यवाही 26 मार्च तक स्थगित कर दी थी।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews