नेशनल हाईवे जाम करने पर कांग्रेस नेताओं पर एफआईआर, उमंग सिंघार बोले किसानों के लिए लाठी भी खायेंगे, जेल भी जायेंगे

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सवाल किया-  क्या किसानों के लिए MSP मांगना अपराध है? सरकार पर लगाया डरने का आरोप , कहा अन्नदाता की लड़ाई अब और मजबूती से लड़ी जाएगी।
Congress Highway Jam Umang Singhar

Congress Highway Jam Umang Singhar

मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में कांग्रेस ने 7 मई को नेशनल हाईवे एबी रोड (आगरा मुंबई रोड) को जाम किया था, कांग्रेस नेताओं ने धार के खलघाट से लेकर मुरैना तक 11 जिलों के 747 किलोमीटर क्षेत्र में 7 जगह चक्काजाम किया, पुलिस ने हाईवे जाम करने वाले सैकड़ों नेताओं पर एफआईआर दर्ज की है जिसपर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने रिएक्ट किया है।

कांग्रेस नेताओं ने मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार पर किसानों किये गए फसल की एमएसपी के वादे तोड़ने, फसल का सही दाम नहीं मिलने सहित अन्य परेशानियों को लेकर गंभीर आरोप लगाये थे और इसे आधार बनाकर 7 मई को एबी रोड पर 7 जगह चक्काजाम किया, 11 बजे से 3 बजे तक आयोजित चक्काजाम के कारण हाईवे पर चलने वाले वाहनों को परेशानी हुई, कई जगह लंबे जाम की स्थिति भी बनी हालाँकि कांग्रेस ने कहा था कि हमारा उद्देश्य किसी को परेशान करना नहीं है फिर भी जाम के चलते लोग परेशान हुए।

चक्काजाम करने वाले नेताओं पर एफआईआर दर्ज 

खलघाट पुलिस ने नेशनल हाईवे जाम करने वाले सैकड़ों कांग्रेस नेताओं पर एफआईआर दर्ज की है, इनमें जीतू पटवारी, उमंग सिंघार, बाला बच्चन, सचिन यादव विधायक, झूमर सोलंकी, केदार विधायक हीरालाल अलावा, कांतिलाल भूरिया, विजयलक्ष्मी साधो, सत्यनारायण पटेल, रीना बौरासी सेतिया, डॉ. विक्रांत भूरिया, भंवर सिंह शेखावत, विपिन वानखेड़े आदि प्रमुख हैं, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने पुलिस एफआईआर पर सरकार को घेरा है।

उमंग सिंघार ने BJP सरकार पर साधा निशाना 

उमंग सिंघार ने X पर लिखा – “मुबारक हो मेरे प्रदेश के किसानों… भाजपा सरकार आपसे डर गई है। खलघाट सहित पूरे प्रदेश में किसानों के हक़ की आवाज़ उठी तो भाजपा ने समाधान नहीं, FIR का रास्ता चुना। मेरे नाम सहित कांग्रेस के कई विधायकों और सैंकड़ों नेताओं पर मुकदमे दर्ज कर दिए गए।”

क्या किसानों के लिए MSP मांगना अपराध है?

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सवाल किया-  क्या किसानों के लिए MSP मांगना अपराध है? क्या फसल बीमा, खाद-बीज और बिजली की बात करना गुनाह है? उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, सुन ले मोहन सरकार – “कांग्रेस किसानों के लिए लाठी भी खाएगी और अगर जेल भी जाना पड़ा तो उमंग सिंघार 100 बार तैयार है।”

सीएम डॉ मोहन यादव ने कहा था कांग्रेस माफ़ी मांगे 

सिंघार ने लिखा-  “डर आपकी FIR में दिख रहा है, किसानों की आवाज़ में नहीं। अन्नदाता की लड़ाई अब और मजबूती से लड़ी जाएगी, जय किसान – जय किसान।” उल्लेखनीय है कि कांग्रेस के प्रदर्शन पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कांग्रेस को उसका शासनकाल याद दिलाते हुए किसानों पर किये अत्याचारों के लिए माफ़ी मांगने के लिए कहा था।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews